Israel vs Hamas: गाजा पर बड़ा हमला तय? रक्षा मंत्री काट्ज की धमकी – 'बंधक छोड़ो वरना तबाह हो जाओ'
Israel vs Hamas War: इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गाजा पर हमास को आखिरी चेतावनी दी। ट्रम्प ने दावा किया कि इजराइल ने उनकी सीजफायर डील मान ली है। हमास ने बातचीत की शर्तें रखीं।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज (Israel Katz) ने गाजा में सक्रिय आतंकी संगठन हमास को सीधी चेतावनी दी है। काट्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि आज गाजा के आसमान में तूफान उठेगा, आतंकी ठिकाने हिल जाएंगे। यह हमास और उसके गुर्गों के लिए आखिरी चेतावनी है—बंधकों को छोड़ो और हथियार डाल दो, वरना गाजा तबाह हो जाएगा और तुम भी मिट जाओ।
गाजा पर कब्जे की बड़ी तैयारी
काट्ज ने यह भी कहा कि इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) अपनी बड़ी मिलिट्री एक्सरसाइज को और आगे बढ़ाने की तैयारी में है। दरअसल, इजराइल लंबे समय से गाजा शहर पर कब्जा करने के लिए रणनीति बना रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली हमलों के कारण अब तक करीब 10 लाख फिलिस्तीनी गाजा छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं।
ट्रम्प की सीजफायर डील और हमास की प्रतिक्रिया
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि इजराइल ने उनकी सीजफायर और बंधक रिहाई वाली डील को मंजूरी दे दी है। ट्रम्प ने कहा कि अब बारी हमास की है कि वह जंग खत्म करने की शर्तें माने।
हमास ने जवाब दिया कि वह बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उसके लिए तीन शर्तें रखीं—
- सभी बंधकों की रिहाई पर चर्चा।
- गाजा से इजराइली आर्मी की वापसी।
- गाजा पट्टी को चलाने के लिए फिलिस्तीनियों की स्वतंत्र कमेटी का गठन।
हर दिन हो रहा है गाजा पर हवाई हमला
इजराइली आर्मी लगातार गाजा की ऊंची इमारतों पर बमबारी कर रही है। इजराइल का दावा है कि इन इमारतों का इस्तेमाल हमास अपने ठिकाने और हथियार छुपाने के लिए कर रहा था। विश्लेषकों का मानना है कि यह रणनीति गाजा पर कब्जा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, ताकि वहां से आम लोग पलायन कर जाएं और हमास अलग-थलग पड़ जाए।
अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की चिंता
गाजा में लगातार हो रहे हमलों, बढ़ते पलायन और मौतों पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय गहरी चिंता जता रहा है। संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार संगठन इस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की अपील कर रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




