वसीम अकरम को पछाड़ने को तैयार जसप्रीत बुमराह, बनेगा नया रिकॉर्ड
जसप्रीत बुमराह SENA देशों (South Africa, England, New Zealand, Australia) में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बनने से सिर्फ दो विकेट दूर हैं। वसीम अकरम का रिकॉर्ड टूटने के कगार पर है।
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। वह जल्द ही पाकिस्तान के महान गेंदबाज़ वसीम अकरम का वो रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं जो कई सालों से कायम है। ये रिकॉर्ड है सेना देशों (SENA- South Africa, England, New Zealand, Australia) में किसी एशियाई गेंदबाज द्वारा लिए गए सबसे अधिक टेस्ट विकेटों का।
वसीम अकरम ने अपने शानदार टेस्ट करियर में सेना देशों के खिलाफ 146 विकेट चटकाए थे। अब बुमराह इस आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने अब तक SENA देशों के खिलाफ 145 विकेट हासिल किए हैं। जैसे ही वे इंग्लैंड में एक और विकेट लेंगे, अकरम की बराबरी पर आ जाएंगे और दो विकेट लेते ही उन्हें पीछे छोड़ देंगे।
भारत और इंग्लैंड के बीच आगामी टेस्ट सीरीज का पहला मैच अगर बुमराह खेलते हैं और भारत को पहले गेंदबाजी का मौका मिलता है, तो 20 जून को ही ये ऐतिहासिक कीर्तिमान उनके नाम हो सकता है। जसप्रीत बुमराह के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने केवल 45 टेस्ट मैचों में ही 205 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि वसीम अकरम को इस मुकाम तक पहुंचने में 104 टेस्ट मैच खेलने पड़े थे।
टॉप 5 एशियन गेंदबाज़ (SENA देशों में टेस्ट विकेट)
- वसीम अकरम - 146 विकेट
- जसप्रीत बुमराह - 145 विकेट
- अनिल कुंबले - 141 विकेट
- इशांत शर्मा - 130 विकेट
- मुथैया मुरलीधरन - 125 विकेट
इसके अलावा मोहम्मद शमी भी इस सूची में 123 विकेट के साथ शामिल हैं, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में उन्हें मौका नहीं मिला है।
वसीम अकरम ने 1985 में टेस्ट डेब्यू किया था और 2002 तक क्रिकेट खेला। उन्होंने कुल मिलाकर 414 टेस्ट विकेट लिए। दूसरी तरफ बुमराह ने 2018 में डेब्यू किया और अब वह एक दशक से भी कम समय में यह बड़ा मुकाम छूने वाले हैं।
अगर बुमराह की मौजूदा फॉर्म को देखा जाए तो ये साफ कहा जा सकता है कि वे न सिर्फ अकरम का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, बल्कि आगे कई और ऐतिहासिक उपलब्धियां भी अपने नाम कर सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मैचों में वे कितने विकेट लेकर यह फासला और कितना बढ़ाते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




