KBC 17: अमिताभ बच्चन के शो में आए 6 बड़े बदलाव, अब पहले सवाल पर ही जीतेंगे ₹5,000

KBC 17 में अमिताभ बच्चन के साथ इस बार गेम के नियम और इनाम की राशि में बड़े बदलाव हुए हैं। पहले सवाल पर अब ₹5,000, पहले पड़ाव पर ₹25,000 और दूसरे पड़ाव पर ₹5 लाख मिलेंगे। साथ ही ‘संकेत सूचक’ नाम की नई लाइफलाइन भी जोड़ी गई है।

KBC 17: अमिताभ बच्चन के शो में आए 6 बड़े बदलाव, अब पहले सवाल पर ही जीतेंगे ₹5,000
KBC 17 के सेट पर अमिताभ बच्चन

टीवी के सबसे पसंदीदा क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 17वां सीजन शुरू हो चुका है और हमेशा की तरह इस बार भी शो को होस्ट कर रहे हैं महानायक अमिताभ बच्चन। अपनी दमदार आवाज़, बेहतरीन ह्यूमर और शानदार होस्टिंग के साथ अमिताभ एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। लेकिन इस बार शो में सिर्फ उनका अंदाज़ ही नहीं बदला, बल्कि गेम के नियम और इनाम की राशि में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं।

पहले सवाल पर अब ₹5,000 की जीत
पिछले सीजन्स में पहले सवाल का सही जवाब देने पर कंटेस्टेंट को ₹1,000 मिलते थे। लेकिन KBC 17 में मेकर्स ने इनाम की राशि को 5 गुना बढ़ा दिया है। यानी अब पहले सवाल का सही जवाब देकर आप ₹5,000 जीत सकते हैं।

पहले पड़ाव पर ₹25,000 की गारंटी
पहले पड़ाव में भी इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। पहले 5 सवालों के सही जवाब देने पर पहले ₹10,000 मिलते थे, लेकिन अब ये राशि ₹25,000 कर दी गई है। इसका मतलब है कि पहला पड़ाव पार करते ही खिलाड़ी ₹25,000 की गारंटी के साथ घर लौट सकता है।

दूसरे पड़ाव पर अब ₹5 लाख की जीत
दूसरे पड़ाव की इनामी राशि को भी बढ़ाया गया है। पहले यह ₹3.20 लाख थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर ₹5 लाख कर दिया गया है। यानी इस स्टेज तक पहुंचने पर खिलाड़ी को ₹5 लाख की निश्चित राशि मिल जाएगी।

लाइफलाइन में बड़ा बदलाव
KBC 17 में इस बार लाइफलाइन की संख्या घटाकर 3 कर दी गई है। ‘ऑडियंस पोल’ और ‘50:50’ तो मौजूद हैं, लेकिन एक नई लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ जोड़ी गई है। इस लाइफलाइन से कंटेस्टेंट को सवाल से जुड़ा एक क्लू मिलेगा, जो सही जवाब तक पहुंचने में मदद करेगा।

हॉट सीट का सिल्वर लुक
इस साल KBC अपनी सिल्वर जुबली मना रहा है, इसलिए हॉट सीट के रंग में भी बदलाव किया गया है। पहले हॉट सीट का रंग काला होता था, लेकिन अब इसे सिल्वर रंग में बदल दिया गया है, जिससे सेट पर एक रॉयल लुक आ गया है।

हॉट सीट तक पहुंचने का नया चैलेंज
पहले ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ में जीतने वाला कंटेस्टेंट सीधे हॉट सीट पर बैठता था। लेकिन इस बार नियम बदल गए हैं। अब पहले राउंड में जीतने वाले दो कंटेस्टेंट के बीच ‘जल्दी 5’ नाम का एक नया राउंड होगा। इसमें जीतने वाला ही अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने का मौका पाएगा।