लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिर धमकी! रोहित शेट्टी–रणवीर सिंह से एक करोड़ की रंगदारी का दावा

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को कथित धमकी, एक करोड़ की रंगदारी मांगने का दावा। मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है ऑडियो और डिजिटल सबूतों की जांच, वीपीएन और विदेश कनेक्शन की भी पड़ताल।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिर धमकी! रोहित शेट्टी–रणवीर सिंह से एक करोड़ की रंगदारी का दावा
Rohit Shetty and Lawrence Bishnoi

मुंबई में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड से जुड़ी धमकी की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी और अभिनेता रणवीर सिंह को कथित तौर पर धमकी दी गई है। गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैरी बॉक्सर नामक शख्स का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इस ऑडियो की सच्चाई की पुष्टि में जुटी है।

मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सामने आए वॉयस नोट की तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में ऑडियो की आवाज कथित तौर पर हैरी बॉक्सर से मेल खाती बताई जा रही है, लेकिन पुलिस डिजिटल और फॉरेंसिक सबूत इकट्ठा कर रही है ताकि किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके। अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी दावे को अंतिम नहीं माना जाएगा।

मैनेजर के मोबाइल पर आया धमकी भरा वॉयस नोट
सूत्रों के मुताबिक यह धमकी सीधे रणवीर सिंह को नहीं बल्कि उनके मैनेजर के मोबाइल नंबर पर भेजी गई थी। यह वॉयस नोट ऐसे समय सामने आया जब कुछ दिन पहले रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना ने सुर्खियां बटोरी थीं। उस घटना में भी बिश्नोई गैंग का नाम उछला था। हालांकि पुलिस के कुछ अधिकारी मानते हैं कि हालिया गिरफ्तारियों के बाद गैंग की पकड़ पहले जैसी मजबूत नहीं रही है और संभव है कि कोई अन्य गिरोह या शरारती तत्व इनके नाम का इस्तेमाल कर डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा हो।

विदेश कनेक्शन की जांच, वीपीएन बना चुनौती
जांच एजेंसियों के अनुसार वॉयस मैसेज भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया था, जिससे लोकेशन छिपाई जा सके। डिजिटल ट्रेल विदेश की किसी लोकेशन की ओर इशारा कर रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि धमकी भेजे जाने के वक्त संबंधित वीपीएन सर्वर किस देश में सक्रिय था। जरूरत पड़ने पर इंटरपोल की मदद भी ली जा सकती है।

सुरक्षा कड़ी, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
धमकी की जानकारी सामने आने के बाद एहतियातन रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्राइम ब्रांच ने उनके मैनेजर का बयान दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जब तक तकनीकी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन सुरक्षा के स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।