हिंदी-मराठी विवाद पर निशिकांत दुबे का तंज- गरीबों को मारते हो, अंबानी से भिड़ने की हिम्मत है?

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र में मराठी न बोलने पर गरीब मजदूरों से मारपीट करने वालों को ललकारा। बोले- हिम्मत है तो अंबानी, SBI चेयरमैन, LIC चेयरमैन से भिड़ो। गरीबों का अपमान मत करो।

हिंदी-मराठी विवाद पर निशिकांत दुबे का तंज- गरीबों को मारते हो, अंबानी से भिड़ने की हिम्मत है?
nishikant dubey

महाराष्ट्र में हिंदी-मराठी भाषा विवाद पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उन लोगों को ललकारा जो मुंबई और महाराष्ट्र में मराठी न बोलने वालों, खासकर गरीब मजदूरों को निशाना बनाते हैं।

दुबे ने कहा कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था में गरीब प्रवासी श्रमिकों का बड़ा योगदान है। आप लोग गरीबों को मारते हो जो कमाने-खाने महाराष्ट्र आते हैं। जिनका खून-पसीना इस इकोनॉमी को खड़ा करता है। अगर हिम्मत है तो मुकेश अंबानी के घर चले जाओ। वह कितनी मराठी बोलते हैं? माहिम में मुसलमान रहते हैं, वहां चले जाओ।

‘LIC चेयरमैन, SBI चेयरमैन भी मराठी नहीं बोलते… उनसे क्यों नहीं भिड़ते?’
भाजपा सांसद ने आगे कहा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चेयरमैन मराठी नहीं बोलते। वह आंध्रप्रदेश के हैं और तेलुगु बोलते हैं। हिम्मत है तो उनके साथ मारपीट करके दिखाओ। LIC का चेयरमैन नॉर्थ ईस्ट का है, उनसे जाकर भिड़ो। गरीब आदमी को मारना आसान है, लेकिन वह भी इस राज्य की तरक्की में बराबर का भागीदार है।

दुबे ने टाटा ग्रुप का जिक्र करते हुए कहा कि टाटा ने सबसे पहले बिहार में ही इंडस्ट्री लगाई थी। ऐसे में बाहरी लोगों को सिर्फ उनकी भाषा के लिए अपमानित करना या मारपीट करना नाजायज है।