हॉट एयर बैलून में लगी आग, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव बाल-बाल बचे
मध्य प्रदेश के मंदसौर में बड़ा हादसा टल गया। गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हॉट एयर बैलून की सवारी कर रहे थे, तभी बैलून में अचानक आग लग गई। हालांकि तुरंत रेस्क्यू कर लिया गया और सीएम सुरक्षित बाहर निकल आए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने चम्बल नदी पर क्रूज की सवारी की और प्राकृतिक सौंदर्य की तारीफ की। जानें पूरी घटना और कैसे बाल-बाल बचे सीएम मोहन यादव।
मध्य प्रदेश के मंदसौर से शनिवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के लिए गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट पहुंचे थे। इस दौरान अचानक बैलून में आग लग गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि बैलून के अंदर धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
सुरक्षित रेस्क्यू हुए सीएम मोहन यादव
खुशकिस्मती रही कि आग ज्यादा भयानक रूप नहीं ले पाई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। कुछ ही मिनटों में मुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना ने वहां मौजूद पर्यटकों और अधिकारियों को पलभर के लिए दहला दिया।
पर्यटन को बढ़ावा देने पहुंचे थे मुख्यमंत्री
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यटन को नई ऊंचाई देने के मकसद से यहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश पर्यटन निगम ने गांधीसागर को “पर्यटन ग्राम” के रूप में विकसित किया है। यहां प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और एडवेंचर एक्टिविटी मिलकर इसे एक अलग ही अनुभव देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा— गांधीसागर ऐसा लगता है जैसे हम किसी और देश में घूमने आए हों। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
क्रूज की सवारी और चम्बल का नैसर्गिक सौंदर्य
इससे पहले शुक्रवार की शाम सीएम मोहन यादव ने चम्बल नदी पर क्रूज की सैर का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने संगीत का भी मजा लिया और खुद भी गुनगुनाते नजर आए। सीएम ने कहा कि चम्बल का नैसर्गिक सौंदर्य न केवल प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देगा, बल्कि यहां का शांत वातावरण पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को आत्मिक सुकून भी देगा।


आँखें न्यूज़ 24 




