नीतीश सरकार पर पोस्टर वार: ‘बिहार में का बा’ बनाम ‘मटन भोज’, विपक्ष का सत्तापक्ष पर तीखा हमला

पटना में विपक्ष ने नीतीश सरकार पर पोस्टर लगाकर हमला बोला। ‘बिहार में का बा’ के जरिए अपराध पर सवाल, और मटन भोज पर तंज। जानिए पूरी खबर और सियासी मायने।

नीतीश सरकार पर पोस्टर वार: ‘बिहार में का बा’ बनाम ‘मटन भोज’, विपक्ष का सत्तापक्ष पर तीखा हमला

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को एक बार फिर राजनीति गरमा गई जब ‘बिहार में का बा’ लिखे बड़े-बड़े पोस्टरों के जरिए नीतीश सरकार पर निशाना साधा गया। इन पोस्टरों में राज्य में बढ़ते अपराध और सत्ताधारी दल के नेताओं के मटन भोज को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

‘बिहार में का बा’: अपराधियों का राज और अस्पताल में गोलियों की बौछार
पटना की सड़कों पर लगाए गए पोस्टर में लिखा गया है, बिहार में का बा, अपराधियों का राज बा, फिल्मी अंदाज में अस्पताल में गोलियों की बौछार बा।

इस पोस्टर में गुरुवार को पटना के पारस अस्पताल में हुई गोलीबारी की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें अपराधियों ने अस्पताल में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना से राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सावन में मटन भोज का तंज: ललन सिंह की तस्वीर के साथ वार
पोस्टर के दूसरे हिस्से में केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह की तस्वीर लगाई गई है, जिसमें वे मटन परोसते नजर आ रहे हैं। पोस्टर में लिखा है, सावन में सत्ता पक्ष का मटन भोज का बाहर बा।

यह हमला हाल ही में लखीसराय में जेडीयू के कार्यक्रम के दौरान ललन सिंह के ‘मटन भोज’ वाले वीडियो के वायरल होने के बाद हुआ। विपक्ष का कहना है कि जब राज्य में अपराध चरम पर है, तब सत्ता पक्ष के नेता मटन भोज में व्यस्त हैं।

पोस्टर किसने लगाया?
यह पोस्टर आरजेडी नेता सनत कुशवाहा की ओर से लगाया गया है, जो कुढ़नी विधानसभा से आते हैं। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर एनडीए के उन हमलों का जवाब है, जिसमें वे बिहार में ‘जंगलराज’ का आरोप लगाते हैं। सनत कुशवाहा इससे पहले भी सरकार के खिलाफ पोस्टर और नारों के जरिए विरोध जताते रहे हैं।

पिछले साल से जारी है ‘मटन-मछली’ विवाद
गौरतलब है कि पिछले साल भी सावन के दौरान मटन और मछली खाने को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई थी। अब वही विवाद इस साल फिर ताजा हो गया है।

ललन सिंह के मटन भोज पर विपक्ष ने सरकार की कड़ी निंदा की और इसे संवेदनहीन करार दिया। पोस्टर के जरिए विपक्ष ने सरकार पर करारा हमला बोला है।

बिहार की राजनीति में पोस्टर पॉलिटिक्स
बिहार चुनावी साल की ओर बढ़ रहा है और ऐसे में पोस्टर वार, ‘जंगलराज’ बनाम ‘मटन भोज’ जैसे मुद्दों के जरिए विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तल्खियां तेज़ होती जा रही हैं। अब देखना होगा कि सरकार इस हमले का क्या जवाब देती है।