PM Modi 79th Independence Day Speech: लाल किले से पाकिस्तान को चेतावनी, अमेरिका को मैसेज और युवाओं को 1 लाख करोड़ का तोहफा

Independence Day 2025: पीएम मोदी ने लाल किले से 103 मिनट का रिकॉर्ड भाषण दिया, जिसमें पाकिस्तान को चेतावनी, अमेरिका को आत्मनिर्भरता का संदेश, दिवाली पर GST रिफॉर्म और युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ का पैकेज शामिल है।

PM Modi 79th Independence Day Speech: लाल किले से पाकिस्तान को चेतावनी, अमेरिका को मैसेज और युवाओं को 1 लाख करोड़ का तोहफा
PM Modi Speech 15 August 2025

देश 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 103 मिनट का अपना अब तक का सबसे लंबा भाषण दिया। उन्होंने इसे “140 करोड़ संकल्पों का पर्व” बताते हुए सामूहिक सिद्धियों का गौरवपूर्ण पल कहा। भाषण में उन्होंने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी, अमेरिका को आत्मनिर्भरता का संदेश, युवाओं को 1 लाख करोड़ का पैकेज और दिवाली पर GST रिफॉर्म की घोषणा की।

लाल किले से 103 मिनट का सबसे लंबा भाषण
पीएम मोदी ने कहा कि यह आजादी का पर्व हर भारतीय के हृदय में उमंग और गर्व का भाव जगाता है। उन्होंने देश की एकता की भावना को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

ऑपरेशन सिंदूर के वीर जवानों को सैल्यूट
प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जिक्र किया और कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उस आक्रोश का परिणाम था। सेना को खुली छूट दी गई और उसने दुश्मन के इलाके में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।

पाकिस्तान को कड़ा संदेश – खून और पानी साथ नहीं बहेंगे
पीएम ने कहा कि पाकिस्तान में तबाही के बाद भी उसकी नींद उड़ी हुई है। भारत अब न्यूक्लियर ब्लैकमेल से नहीं डरेगा और आतंकियों व उन्हें पालने वालों में कोई फर्क नहीं करेगा। सिंधु जल समझौते को अन्यायपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के हक का पानी अब भारत में ही रहेगा।

अमेरिका को मैसेज – आत्मनिर्भर भारत ही राष्ट्र का भविष्य
मोदी ने कहा कि गुलामी ने हमें निर्भर बना दिया था, लेकिन आत्मनिर्भरता ही असली आजादी है। रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया की ताकत से ही ऑपरेशन सिंदूर संभव हुआ।

टेक्नोलॉजी और डिफेंस सेक्टर में मेक इन इंडिया पर जोर
पीएम मोदी ने युवा वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और स्टार्टअप्स से अपील की कि भारत अपने फाइटर जेट्स के लिए खुद जेट इंजन बनाए और साइबर सिक्योरिटी से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक हर तकनीक में आत्मनिर्भर बने।

EV बैटरी, सोलर पैनल और जेट इंजन में आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री ने EV बैटरी, सोलर पैनल और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए जरूरी उपकरण भारत में ही बनाने का संकल्प जताया और वोकल फॉर लोकल को राष्ट्रीय मंत्र बनाने की अपील की।

दिवाली पर बड़ा GST रिफॉर्म – रोजमर्रा की चीजें होंगी सस्ती
पीएम मोदी ने दिवाली पर जीएसटी में बड़े सुधार का ऐलान किया, जिससे आम आदमी के लिए रोजमर्रा की चीजें सस्ती होंगी और टैक्स कम होंगे।

सुदर्शन चक्र मिशन से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती
उन्होंने 2035 तक राष्ट्रीय सुरक्षा कवच को आधुनिक बनाने और ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत रिसर्च से लेकर प्रोडक्शन तक सब कुछ देश में होगा।

आरएसएस की 100 साल की सेवा पर पीएम मोदी की सराहना
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को दुनिया का सबसे बड़ा NGO बताया और उसकी अनुशासन, संगठन व सेवा भावना की प्रशंसा की।

नक्सलवाद, माओवाद और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कदम
उन्होंने सीमावर्ती इलाकों में बदलती जनसंख्या संरचना पर चिंता जताते हुए ‘हाईपावर डेमोग्राफी मिशन’ शुरू करने का ऐलान किया। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना – युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ का पैकेज

पीएम मोदी ने युवाओं को खुशखबरी दी कि नई योजना के तहत निजी सेक्टर में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15,000 की सहायता दी जाएगी।

किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के लिए मोदी का आश्वासन
उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और मोदी दीवार बनकर खड़े रहेंगे।