तेजस्वी यादव पर BJP का पलटवार: 'रोहिंग्या-बांग्लादेशी फर्जी वोटर हटने से घबराए RJD'

BJP OBC मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद ने RJD नेता तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि RJD रोहिंग्या और बांग्लादेशी फर्जी वोटरों के हटने से घबराया हुआ है। साथ ही, भीखूभाई दलसानिया पर दिए बयान के लिए माफी मांगने की मांग की।

तेजस्वी यादव पर BJP का पलटवार: 'रोहिंग्या-बांग्लादेशी फर्जी वोटर हटने से घबराए RJD'
Nikhil Anand

बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद ने RJD नेता तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी बेवजह दुष्प्रचार कर रहे हैं और उनकी घबराहट साफ दिख रही है।

डॉ. आनंद के अनुसार, RJD को डर है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची से रोहिंग्या और बांग्लादेशी फर्जी वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं, जिससे उनका तथाकथित "सेक्युलर वोट बैंक" कमजोर हो जाएगा।

भीखूभाई दलसानिया को लेकर बयान पर तीखी प्रतिक्रिया
डॉ. आनंद ने कहा कि भीखूभाई दलसानिया जी एक भारतीय नागरिक और राष्ट्रवादी हैं, जिन्हें देश के किसी भी हिस्से में रहने और बसने का अधिकार है। तेजस्वी यादव का उन पर सवाल उठाना भारतीय संविधान और संघीय ढांचे का अपमान है। उन्होंने कहा – दिलचस्प है कि तेजस्वी यादव कहीं की बेचैनी को लेकर कहीं और निशाना साध रहे हैं।

लालू-राबड़ी राज में बदली बिहार की जनसांख्यिकी – BJP का आरोप
BJP नेता ने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी शासनकाल में लाखों की संख्या में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को बिहार में बसाया गया और उन्हें नागरिकता दिलाई गई। इससे बिहार की जनसांख्यिकी और राजनीति पर गहरा असर पड़ा। अब जब इन अवैध अप्रवासियों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, तो RJD और सेक्युलर खेमे में बेचैनी है।

महाराष्ट्र में बिहारी पिट रहे हैं, तेजस्वी चुप क्यों?
डॉ. निखिल आनंद ने तेजस्वी से सवाल किया – जब इंडी गठबंधन के साथी महाराष्ट्र में बिहारी मजदूरों को पीट रहे हैं, तो तेजस्वी क्यों चुप रहते हैं? क्या वह बिहार में आदित्य ठाकरे का स्वागत करने के लिए माफी मांगेंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे की सरकार ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सबूत मिटाए और जांच पर पर्दा डाल दिया।

'तेजस्वी से मांगी सार्वजनिक माफी'
BJP नेता ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि भीखूभाई दलसानिया लंबे समय से बिहार में रह रहे हैं और यहां के मतदाता बन गए हैं, उनकी नागरिकता या राष्ट्रवाद पर सवाल उठाना गलत है। उन्होंने कहा – तेजस्वी यादव को भीखूभाई दलसानिया जी जैसे राष्ट्रवादी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।