Bihar Cold Wave: कंपकंपाती ठंड की चपेट में बिहार, पटना में कक्षा 8 तक स्कूल 11 जनवरी तक बंद

Bihar Cold Wave Update: भीषण ठंड और कोल्ड डे अलर्ट के चलते पटना में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 11 जनवरी तक बंद, कक्षा 9 से ऊपर के स्कूल सीमित समय में खुलेंगे।

Bihar Cold Wave: कंपकंपाती ठंड की चपेट में बिहार, पटना में कक्षा 8 तक स्कूल 11 जनवरी तक बंद

बिहार इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है और राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में शीतलहर का असर साफ दिखाई दे रहा है। तापमान में लगातार गिरावट और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित खतरे को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्याग राजन एस.एम. ने कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ अन्य शिक्षण संस्थानों को 11 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

सीमित समय में खुलेंगे बड़े क्लास के स्कूल
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार कक्षा 8 से ऊपर के स्कूल सीमित समय के लिए संचालित किए जा सकेंगे। ऐसे स्कूल अब सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही खुलेंगे। हालांकि, प्री-बोर्ड परीक्षाओं और उनसे जुड़ी विशेष कक्षाओं को इस आदेश से अलग रखा गया है, ताकि परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। यह निर्देश 9 जनवरी से 11 जनवरी तक प्रभावी रहेगा।

रिकॉर्ड तोड़ ठंड से बढ़ी चिंता
इस बार बिहार में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी पटना के साथ-साथ कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए Cold Day Alert जारी किया है, जिससे ठंड और घने कोहरे के बने रहने की आशंका जताई गई है।

ठंड कम हुई तो होगा स्कूल खोलने पर फैसला
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को फिलहाल बंद रखने का निर्णय लिया है। इससे पहले भी लगातार कई दिनों से कक्षा 8 तक के स्कूल ठंड के कारण बंद हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि 11 जनवरी को हालात की दोबारा समीक्षा की जाएगी और यदि तापमान में सुधार होता है, तो स्कूल खोलने पर विचार किया जाएगा।

जनजीवन पर दिख रहा ठंड का असर
कड़ाके की ठंड के कारण आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बिहार के सबौर में सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं पटना में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।