ट्रंप की टैरिफ धमकी पर PM मोदी का पलटवार: 'भारत झुकेगा नहीं, किसानों के हित सर्वोपरि हैं'

ट्रंप की टैरिफ धमकी पर पीएम मोदी का करारा जवाब – भारत किसानों के हितों से समझौता नहीं करेगा। अमेरिकी दबाव के खिलाफ साफ संदेश।

ट्रंप की टैरिफ धमकी पर PM मोदी का पलटवार: 'भारत झुकेगा नहीं, किसानों के हित सर्वोपरि हैं'
PM Narendra Modi

भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ धमकियों को सख्त लहजे में खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ शब्दों में कहा है कि भारत किसी दबाव में आकर न तो व्यापार समझौता करेगा और न ही अपने किसानों के हितों से समझौता करेगा।

दिल्ली में आयोजित एम.एस. स्वामीनाथन शताब्दी अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अमेरिका को यह स्पष्ट संदेश दिया। ये बयान ऐसे वक्त आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीदने के चलते 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की, जिससे भारत पर कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया।

ट्रंप की यह रणनीति भारत पर मनमाफिक व्यापार समझौता कराने के लिए दबाव बनाने की एक 'टैरिफ मिसाइल' के रूप में देखी जा रही थी, लेकिन पीएम मोदी ने जोरदार प्रतिक्रिया देते हुए कहा – भारत झुकेगा नहीं, किसानों के हितों की कीमत पर किसी से समझौता नहीं होगा।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिए किसानों का हित सर्वोपरि है। देश के किसान, मछुआरे, पशुपालक हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। भारत सरकार कभी भी उनके साथ अन्याय नहीं करेगी।

ट्रंप प्रशासन चाहता है कि भारत अपने कृषि और डेयरी बाजार अमेरिकी उत्पादों के लिए पूरी तरह खोल दे, लेकिन भारत की 70% आबादी आज भी खेती पर निर्भर है। ऐसे में खुले बाजार की अनुमति देना देश के किसानों को वैश्विक बाजार के आगे असहाय छोड़ने जैसा होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि जहां के किसान छोटे जोत वाले हों, वहां अमेरिकी जैसी कृषि नीतियों को थोपना संभव नहीं। किसान भारत की नींव हैं, उनके हितों की कीमत पर हमें किसी महाशक्ति की दोस्ती मंजूर नहीं।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि वह जानते हैं कि व्यक्तिगत तौर पर उन्हें इसके लिए "बड़ी राजनीतिक कीमत चुकानी" पड़ सकती है, लेकिन भारत अपनी अस्मिता और किसानों की भलाई के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।

पीएम मोदी ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, अगर दोस्ती होगी, तो बराबरी पर होगी। भारत को किसी बिग ब्रदर की ज़रूरत नहीं है। चाहे अमेरिका पाकिस्तान को अपने कंधे पर बैठा ले, लेकिन भारत अपने आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं करेगा।