अनंत सिंह का दावा: बिहार में NDA को मिलेगी 228 सीटें, तेजस्वी की जमानत ज़ब्त करवाने की दी चुनौती

बिहार की राजनीति में अनंत सिंह का बड़ा दावा - NDA को 228 सीटें मिलेंगी। तेजस्वी यादव पर सीधी चुनौती और जेल से मिली जमानत के बाद मोकामा लौटे।

अनंत सिंह का दावा: बिहार में NDA को मिलेगी 228 सीटें, तेजस्वी की जमानत ज़ब्त करवाने की दी चुनौती
अनंत सिंह

बिहार की सियासत एक बार फिर से अनंत सिंह के तीखे बयानों से गर्म हो गई है। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए (NDA) को 228 सीटें मिलेंगी, जबकि विपक्ष सिर्फ 15 सीटों पर सिमट जाएगा।

विधानसभा चुनाव को लेकर अनंत सिंह का बड़ा दावा
राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए अनंत सिंह ने कहा, क्या तेजस्वी यादव ने अपने माता-पिता की मदद से लाखों युवाओं को नौकरी दी है? अगर मुझे उनके खिलाफ टिकट दिया जाए, तो मैं उनकी जमानत ज़ब्त करवा दूंगा।

तेजस्वी यादव को दी सीधी चुनौती 
नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए अनंत सिंह ने उन्हें अब तक का "सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री" बताया। उन्होंने कहा, नीतीश से बेहतर मुख्यमंत्री न कभी हुआ है, न होगा। वहीं तेजस्वी यादव को लेकर विवादास्पद बयान देते हुए कहा, तेजस्वी यादव इस जन्म में मुख्यमंत्री बनने वाले नहीं हैं, शायद अगले जन्म में बन पाएं।

नीतीश को बताया सर्वश्रेष्ठ, तेजस्वी पर फिर साधा निशाना
अनंत सिंह ने आगे कहा कि वे आज मोकामा में जनता से मिलने जा रहे हैं, और जोड़ते हुए बोले, जनता ही मेरी असली मालिक है।

बता दें कि अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली। उन्हें पंचमहला थाना कांड संख्या 5/2025 (जिसे सोनू-मोनू केस कहा जा रहा है) में जमानत मिल गई है, जिसके बाद वे जेल से रिहा हो गए। यह वही मामला था, जिसकी वजह से वे लंबे समय से जेल में थे।

हाईकोर्ट से मिली जमानत, जेल से हुए रिहा
अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं, और उन्हें बिहार की राजनीति में एक बाहुबली नेता के रूप में जाना जाता है। हालांकि वर्तमान में वे विधायक नहीं हैं, लेकिन मोकामा उनकी पारंपरिक सीट मानी जाती है।

मोकामा से जुड़ी अनंत सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि
वर्तमान समय में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा से विधायक हैं। 2022 में जब अनंत सिंह अयोग्य ठहराए गए थे, तब नीलम देवी ने राजद के टिकट पर उपचुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।