त्रिनिदाद में गूंजी भारतीयता: PM मोदी ने कमला प्रसाद-बिसेसर को बताया ‘बिहार की बेटी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिनिदाद में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए वहां की पीएम कमला प्रसाद-बिसेसर को ‘बिहार की बेटी’ बताया। जानें भारत-त्रिनिदाद के रिश्तों और भारतीय जड़ों की दिल छू लेने वाली कहानी।

त्रिनिदाद में गूंजी भारतीयता: PM मोदी ने कमला प्रसाद-बिसेसर को बताया ‘बिहार की बेटी
PM Narendra Modi and Kamla Persad Bissessar

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की महत्वपूर्ण यात्रा के दूसरे चरण में जब त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे, तो वहां भारतीय प्रवासियों के बीच उन्होंने ऐसा भाषण दिया जो भारतीयता और बिहार की गौरवशाली विरासत से भरा हुआ था।

भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और भारत के रिश्तों पर खुलकर बात की। उन्होंने अपने संबोधन में भगवान राम, महाकुंभ, और त्रिनिदाद में होने वाली रामलीलाओं का विशेष ज़िक्र किया। इस मौके पर उन्होंने त्रिनिदाद और टोबैगो की मौजूदा प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर को भावनाओं से भरकर 'बिहार की बेटी' बताया और उनके भारतीय मूल पर गर्व भी जताया।

कमला प्रसाद-बिसेसर: बिहार के बक्सर से त्रिनिदाद तक का सफर
कमला प्रसाद-बिसेसर त्रिनिदाद और टोबैगो की पहली महिला प्रधानमंत्री रह चुकी हैं और हाल ही में 28 अप्रैल 2025 को हुए चुनाव में दोबारा शानदार जीत दर्ज कर सत्ता में लौटी हैं। वे यूनाइटेड नेशनल कांग्रेस (UNC) की नेता हैं और 73 वर्ष की उम्र में भी उनके भीतर भारतीय जड़ों के प्रति गहरी आत्मीयता झलकती है।

कमला के पूर्वज बिहार के बक्सर ज़िले के भेलुपुर गांव के रहने वाले थे। उनके परदादा राम लखन मिश्रा को 1889 में ब्रिटिश राज में गिरमिटिया मजदूर बनाकर त्रिनिदाद लाया गया था। कमला खुद भी अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलीं। 2010 में प्रधानमंत्री बनने पर उन्होंने भगवद गीता पर शपथ ली थी और 2012 में अपने पूर्वजों के गांव भेलुपुर आकर वहां के मंदिर में पूजा की और भावुक होकर गांव के लिए आर्थिक मदद का वादा भी किया।

भारतीय प्रवासियों को ओसीआई कार्ड और बिहार की विरासत का सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में त्रिनिदाद में भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी के योगदान की सराहना की और उन्हें ओवरसीज सिटिजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड देने की घोषणा की। उन्होंने प्रवासियों को याद दिलाया कि उनका रिश्ता सिर्फ खून या नाम से ही नहीं बल्कि अपनेपन से भी जुड़ा है।

पीएम मोदी ने बिहार की विरासत की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा — लोकतंत्र, राजनीति, कूटनीति और उच्च शिक्षा जैसे कई विषयों में बिहार ने सदियों पहले दुनिया को दिशा दिखाई। मुझे भरोसा है कि 21वीं सदी में भी बिहार से नई प्रेरणाएं और नए अवसर निकलेंगे।