राहुल गांधी का फतेहपुर दौरा: दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिले, बोले – 'सरकार डरा रही है, न्याय नहीं दे रही'

राहुल गांधी फतेहपुर में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिले। बोले – सरकार ने परिवार को डराया, दलितों पर अत्याचार बढ़ रहा है।

राहुल गांधी का फतेहपुर दौरा: दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिले, बोले – 'सरकार डरा रही है, न्याय नहीं दे रही'
राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात की। हरिओम की 2 अक्टूबर को रायबरेली जिले में चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। राहुल गांधी सुबह दिल्ली से कानपुर होते हुए सड़क मार्ग से फतेहपुर पहुंचे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और कहा कि “देशभर में दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, और सरकार उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम है।”

'सरकार ने परिवार को बंद कर दिया है, डराया जा रहा है'
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा, कुछ दिन पहले एक दलित अधिकारी ने आत्महत्या की थी, मैं वहां गया था। अब हरिओम के परिवार से मिलने आया हूं। अपराधी परिवार नहीं, बाहर के लोग हैं। लेकिन सरकार ने परिवार को घर में बंद कर रखा है और उन्हें डराया जा रहा है। उनकी बेटी को इलाज की जरूरत है, मगर बाहर नहीं जाने दिया जा रहा।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर दलित परिवारों को दबाने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

राहुल गांधी से मिलने से इंकार, विरोध में लगे पोस्टर
राहुल गांधी की यात्रा से पहले ही हरिओम के छोटे भाई ने कांग्रेस नेता से मिलने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, हम सरकार से संतुष्ट हैं, कोई भी नेता राजनीति करने न आए। 

इतना ही नहीं, फतेहपुर में राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए जिन पर लिखा था, दर्द को मत भुनाओ, वापस जाओ। हालांकि कांग्रेस महासचिव विवेक नंद पाठक का कहना है कि यह बयान सरकारी दबाव में दिलवाया गया है।

सीएम योगी ने पीड़ित परिवार को दिया मदद का भरोसा
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले में 11 अक्टूबर को परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर और अन्य सहायता देने का ऐलान किया था।

योगी सरकार के इस कदम पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, यह घटना 2 अक्टूबर की है और सीएम 11 अक्टूबर को मिले, वह भी परिवार को बुलवाकर। अगर सरकार वाकई संवेदनशील होती तो पीड़ित परिवार के पास खुद जाती।

कांग्रेस ने कहा – न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा
रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने कहा कि वे हरिओम के परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, हम सरकार में नहीं हैं, लेकिन न्याय दिलाने तक परिवार के साथ रहेंगे।

पुलिस अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें मुख्य आरोपी भी शामिल है। 5 पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।