राहुल गांधी को CEO का नोटिस: Voter List में धांधली के आरोप पर मांगा हलफनामा
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी को वोटर लिस्ट में धांधली के आरोप पर हलफनामा सौंपने को कहा है। सीईओ ने कांग्रेस को 1 से 3 बजे तक मिलने का समय दिया है। जानें पूरी खबर विस्तार से।
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (Chief Electoral Officer - CEO) ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को नोटिस जारी करते हुए वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोपों पर हलफनामा (Affidavit) मांगा है। आरोप है कि कर्नाटक में अपात्र वोटरों को जोड़ा गया और पात्र मतदाताओं को वोटर लिस्ट से हटाया गया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को 1 से 3 बजे के बीच मिलने का समय
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पत्र के जरिए जानकारी दी कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने 8 अगस्त 2025 को मुलाकात और ज्ञापन सौंपने का समय मांगा था। इसके लिए शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक का स्लॉट निर्धारित किया गया है।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी? CEO ने मांगी पूरी डिटेल्स के साथ जानकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी से अपील की है कि यदि उनके पास वोटर लिस्ट में अनियमितता से जुड़े सबूत हैं, तो वे व्यक्ति के नाम, पार्ट नंबर और सीरियल नंबर सहित पूरा विवरण शपथ पत्र के साथ सौंपें।
हलफनामे में यह भी स्पष्ट करना होगा कि दी गई जानकारी सत्य है, क्योंकि गलत जानकारी देने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
'वोटर लिस्ट पारदर्शी तरीके से बनाई गई है'
सीईओ कार्यालय ने पत्र में यह भी कहा है कि मतदाता सूची जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950, मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता से बनाई गई है।
नवंबर 2024 में ड्राफ्ट लिस्ट और जनवरी 2025 में अंतिम सूची कांग्रेस के साथ साझा की गई थी। इसके बावजूद, कांग्रेस की ओर से तब कोई शिकायत नहीं की गई।
'चुनाव परिणामों को चुनौती देने का अधिकार केवल हाई कोर्ट को'
सीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव परिणामों को सिर्फ चुनाव याचिका के माध्यम से हाई कोर्ट में ही चुनौती दी जा सकती है। ऐसे में सार्वजनिक मंचों पर बिना साक्ष्य के आरोप लगाना उचित नहीं है।
ECI का जवाब: राहुल गांधी के आरोप भ्रामक और तथ्यहीन
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीते हफ्तों में चुनाव आयोग पर लगातार "वोट चोरी" के आरोप लगाए थे। इस पर चुनाव आयोग ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी के आरोप भ्रामक, तथ्यहीन और धमकी भरे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




