पिता की तबीयत ने तोड़ा सलमान खान का हौसला, अस्पताल से निकलते वक्त भावुक दिखे 'भाईजान'
सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से बाहर निकलते वक्त सलमान खान भावुक नजर आए, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों एक निजी वजह से बेहद चिंतित नजर आ रहे हैं। उनके पिता और दिग्गज स्क्रीन राइटर सलीम खान को मंगलवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद सलमान देर रात अस्पताल से बाहर निकलते समय काफी भावुक दिखाई दिए। उनकी यह झलक कैमरों में कैद हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
जैसे ही सलमान खान अपने पिता से मिलकर अस्पताल से बाहर निकले, वहां मौजूद पैप्स ने उन्हें घेर लिया। अफरा-तफरी के माहौल के बीच सलमान पूरी तरह शांत दिखे, लेकिन उनके चेहरे की चिंता छुपी नहीं रह सकी। वायरल वीडियो में एक पल ऐसा भी आया जब वे कार के अंदर बैठे आंखें बंद किए नजर आए, मानो मन ही मन किसी प्रार्थना में डूबे हों। इस दृश्य ने फैंस को भावुक कर दिया।
ICU में शिफ्ट किए गए सलीम खान, डॉक्टरों की कड़ी निगरानी
मंगलवार सुबह सलीम खान को अचानक लीलावती अस्पताल लाया गया था, जहां शुरुआती जांच के बाद उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया। इस पूरे मामले पर अस्पताल की ओर से बयान जारी करते हुए डॉक्टरों ने बताया कि अनुभवी स्क्रीन राइटर को सुबह करीब 8:30 बजे भर्ती किया गया और इमरजेंसी केयर तुरंत शुरू की गई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन मेडिकल टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है इलाज
इलाज के दौरान न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन सहित वरिष्ठ डॉक्टरों की एक टीम सलीम खान की देखरेख कर रही है। डॉक्टरों ने परिवार की निजता का सम्मान करते हुए ज्यादा जानकारी साझा करने से फिलहाल परहेज किया है। हालांकि यह साफ किया गया है कि मरीज की स्थिति को गंभीरता से मॉनिटर किया जा रहा है और समय-समय पर अपडेट दिया जाएगा।
परिवार के साथ अस्पताल पहुंचे सलमान
पिता के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सलमान खान अपनी मड आइलैंड की शूटिंग बीच में छोड़कर लीलावती अस्पताल पहुंचे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिनमें उनकी बहनें अलवीरा खान अग्निहोत्री, अर्पिता खान और जीजा आयुष शर्मा शामिल थे। पूरा खान परिवार इस मुश्किल वक्त में सलीम खान के साथ मजबूती से खड़ा नजर आया।


आँखें न्यूज़ 24 




