वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ दो आरोपी दबोचे

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज।

वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ दो आरोपी दबोचे
लंका थाना क्षेत्र में बरामद किया गया प्रतिबंधित चाइनीज मांझा और कार्रवाई के बाद हिरासत में लिए गए आरोपी।

वाराणसी में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लंका थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर काशी ज़ोन पुलिस की टीम ने नरिया तिराहा क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में की गई। थाना लंका में दर्ज मुकदमा संख्या 0024/2026 के तहत दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में हिरासत में लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर अचानक पहुंची पुलिस टीम
पुलिस को 11 जनवरी 2026 की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरिया तिराहा के पास एक पतंग विक्रेता चोरी-छिपे भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दुकान पर अचानक दबिश दी।

दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद
दुकान पर मौजूद व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और वहां रखे बोरों को छिपाने की कोशिश करने लगा। पूछताछ में उसने बताया कि वह मांझा बेच रहा है। जब बोरों को खोलकर देखा गया तो दुकान के अंदर और बाहर बड़ी मात्रा में चाइनीज/नायलन मांझा बरामद हुआ। आरोपी वैध लाइसेंस दिखाने में असफल रहा।

दो आरोपियों की पहचान, हिरासत में भेजे गए
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोनू पटेल, निवासी नरिया तिराहा, थाना लंका और विकास तिवारी, निवासी श्रीराम नगर कॉलोनी, थाना मंडुआडीह के रूप में हुई। दोनों की उम्र क्रमशः 35 और 30 वर्ष बताई गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया गया है।

51 किलो से ज्यादा चाइनीज मांझा जब्त
पुलिस ने मौके से लगभग 51 किलो से अधिक वजन का प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया, जिसमें कुल 90 अन्टी शामिल हैं। यह मांझा न केवल अवैध है बल्कि आम लोगों, खासकर बाइक सवारों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

चाइनीज मांझा के खिलाफ सख्त रुख जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में चाइनीज मांझा की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।