सीएम डैशबोर्ड से महाशिवरात्रि तक फुल एक्शन मोड में वाराणसी पुलिस, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सीएम डैशबोर्ड, लंबित मामलों, यातायात व्यवस्था और महाशिवरात्रि की तैयारियों की समीक्षा कर सख्त निर्देश दिए।
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को और अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैम्प कार्यालय स्थित सभागार में राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, सुगम यातायात व्यवस्था और आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि इसमें दर्ज हर प्रविष्टि अद्यतन, तथ्यपरक और समयबद्ध होनी चाहिए। गैंगस्टर एक्ट, जघन्य अपराध, एनडीपीएस एक्ट और गोवध अधिनियम से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, इन मामलों में फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
साप्ताहिक समीक्षा से बढ़ेगी जवाबदेही
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डैशबोर्ड के सभी पैरामीटर्स पर नियमित अनुश्रवण किया जाए और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाई जाए। सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
महाशिवरात्रि को लेकर हाई अलर्ट
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में कोई चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रमुख शिवालयों पर श्रद्धालुओं की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू करने और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
महिला सुरक्षा और व्यवहारिक पुलिसिंग पर जोर
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष महत्व देते हुए पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पहले से विस्तृत ब्रीफिंग देने पर जोर दिया गया, ताकि वे भीड़ प्रबंधन, आपात स्थिति और नागरिकों से संवेदनशील व्यवहार के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
ड्रोन और कैमरों से 24×7 निगरानी
पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
ट्रैफिक नियमों पर सख्ती
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, जाम संभावित स्थानों की पहचान कर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई।
सड़क सुरक्षा पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति
सड़क दुर्घटनाओं में शून्य मृत्यु के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान को और प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
जनता का भरोसा बढ़ाने पर फोकस
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों को जनता से संवाद के दौरान संवेदनशील और मर्यादित व्यवहार अपनाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का आचरण ही आम जनता के भरोसे की सबसे बड़ी कसौटी है और इसे हर हाल में मजबूत किया जाना चाहिए।


आँखें न्यूज़ 24 




