पश्चिम बंगाल विधानसभा में हंगामा: BJP-TMC में भिड़ंत, 5 विधायक सस्पेंड – ममता बनर्जी बोलीं 'बीजेपी वोट चोरों की पार्टी'
पश्चिम बंगाल विधानसभा में अल्पसंख्यक बिल पर चर्चा के दौरान BJP और TMC विधायकों में भिड़ंत। हंगामे के बीच 5 BJP विधायक निलंबित। ममता बनर्जी ने BJP को 'वोट चोरों की पार्टी' कहा। जानिए पूरा घटनाक्रम।
पश्चिम बंगाल विधानसभा का माहौल बुधवार को अचानक गरमा गया जब अल्पसंख्यकों से जुड़े एक बिल पर चर्चा के दौरान बीजेपी और टीएमसी विधायकों में जोरदार तकरार हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों दलों के विधायक आपस में भिड़ गए।
स्पीकर ने बुलाए मार्शल, कार्यवाही ठप
हंगामे के चलते विधानसभा स्पीकर को मार्शल बुलाने पड़े। इसी बीच बीजेपी के चीफ व्हिप शंकर घोष की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता दी गई। हालात संभालने के लिए स्पीकर को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
5 BJP विधायक निलंबित
झड़प और हंगामे के बाद विधानसभा में बड़ा फैसला लिया गया। स्पीकर ने बीजेपी के कुल 5 विधायकों को निलंबित कर दिया। इनमें शामिल हैं—
1- शंकर घोष
2- बंकिम घोष
3- अशोक डिंडा
4- अग्निमित्रा पाल
5- मिहिर गोस्वामी
ममता बनर्जी का BJP पर सीधा हमला
टीएमसी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा में बीजेपी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, BJP वोट चोरों की पार्टी है। ये बंगाल की भाषा और संस्कृति पर हमला कर रहे हैं। बंगाल ने आज़ादी की लड़ाई में खून बहाया, तब BJP का नाम तक नहीं था।
ममता ने आगे कहा कि बीजेपी बंगाल और बंगालियों के खिलाफ साजिश रच रही है। उन्होंने संसद में CISF द्वारा टीएमसी सांसदों के साथ बदसलूकी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि "एक दिन ऐसा आएगा जब बंगाल विधानसभा में बीजेपी का एक भी विधायक नहीं बचेगा।
BJP ने किया पलटवार – 'TMC कर रही अल्पसंख्यक तुष्टिकरण'
ममता के बयानों पर बीजेपी विधायकों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं और बंगाल की जनता को गुमराह कर रही हैं। इसी बीच शंकर घोष की तबीयत बिगड़ने से तनाव और भी बढ़ गया।
आगे भी टकराव के आसार
बीजेपी और टीएमसी के बीच इस टकराव से साफ है कि पश्चिम बंगाल की राजनीति आने वाले दिनों में और भी गरमाएगी। विधानसभा में हुई इस घटना ने राज्य की सियासत को नई दिशा दे दी है।


आँखें न्यूज़ 24 




