सट्टेबाजी केस में ED का बड़ा एक्शन, युवराज, उथप्पा, सोनू सूद, और उर्वशी रौतेला की संपत्तियां अटैच
1xBet सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED की बड़ी कार्रवाई, युवराज सिंह, सोनू सूद समेत कई क्रिकेटर और फिल्मी सितारों की करीब 8 करोड़ की संपत्तियां अटैच।
सट्टेबाजी से जुड़े चर्चित 1xBet मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पीएमएलए (PMLA) के तहत की गई इस ताज़ा अस्थायी अटैचमेंट में देश के जाने-माने क्रिकेटरों और फिल्मी सितारों की संपत्तियां जब्त की गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध सट्टेबाजी से अर्जित धन को लेकर चल रही जांच का हिस्सा है।
क्रिकेट और बॉलीवुड से जुड़े नामों पर शिकंजा
ED की इस कार्रवाई में जिन चर्चित हस्तियों की संपत्तियां अटैच की गई हैं, उनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के साथ-साथ अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हज़रा और नेहा शर्मा शामिल हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि इन संपत्तियों का संबंध 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से है।
किस पर कितनी संपत्ति की गई जब्त
जांच के दौरान सामने आया है कि युवराज सिंह की लगभग 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई है, जबकि रॉबिन उथप्पा के मामले में यह राशि करीब 8.26 लाख रुपये बताई जा रही है। उर्वशी रौतेला की 2.02 करोड़ रुपये की संपत्ति, जो उनकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड थी, उसे भी ED ने अपने कब्जे में लिया है। अभिनेता सोनू सूद की करीब 1 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई है। वहीं मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये, अंकुश हज़रा की 47.20 लाख रुपये और नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
एक दिन में करीब 8 करोड़ की अटैचमेंट
ED की आज की इस कार्रवाई में कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं। एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, यह कदम जांच को आगे बढ़ाने और अवैध कमाई के पूरे नेटवर्क को उजागर करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी जब्ती
इससे पहले भी 1xBet मामले में प्रवर्तन निदेशालय कई बड़ी हस्तियों की संपत्तियों पर शिकंजा कस चुका है। जांच के शुरुआती चरण में शिखर धवन की करीब 4.55 करोड़ रुपये की संपत्ति और सुरेश रैना की लगभग 6.64 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की जा चुकी है।
अब तक 19 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां जब्त
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद 1xBet सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग केस में अब तक प्रवर्तन निदेशालय कुल 19.07 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुका है। जांच एजेंसी का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी नाम सामने आ सकते हैं और कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है।


आँखें न्यूज़ 24 




