UP Winter Session: 'माफियाओं की पार्टी रही है सपा' सीएम योगी का सीधा हमला, अपराधियों से रिश्तों का लगाया आरोप

UP विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले कफ सिरप केस पर CM योगी का बड़ा हमला, सपा से जुड़े होने का आरोप, NDPS Act के तहत कार्रवाई और वंदे मातरम् के 150 साल पर विशेष चर्चा।

UP Winter Session: 'माफियाओं की पार्टी रही है सपा' सीएम योगी का सीधा हमला, अपराधियों से रिश्तों का लगाया आरोप
Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है और सत्र के पहले ही दिन राजनीति का तापमान चढ़ता दिख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्र से पहले कफ सिरप मामले को लेकर बड़ा बयान देते हुए इसे सीधे समाजवादी पार्टी से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में पकड़े गए कुछ अभियुक्तों के संबंध सपा से सामने आए हैं और राज्य स्तरीय SIT इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है।

कफ सिरप केस पर सीएम योगी का हमला
लखनऊ में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में जहरीले कफ सिरप की बिक्री और उसकी अवैध तस्करी की शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) के तहत आता है और इस तरह की औषधियों का निर्माण और आवंटन सेंट्रल नार्कोटिक्स ब्यूरो की अनुमति से ही किया जाता है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई और तस्करी पर शिकंजा
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि कफ सिरप का नशे के तौर पर इस्तेमाल होने और बड़े पैमाने पर उसकी तस्करी की सूचनाएं मिली थीं। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए और NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप
बिना किसी का नाम लिए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से ही माफियाओं के संरक्षण के लिए कुख्यात रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अपराधियों के साथ सपा नेताओं की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं और लगभग हर माफिया के तार किसी न किसी रूप में सपा से जुड़े रहे हैं।

FSDA, पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई
कफ सिरप मामले में सरकार की कार्रवाई को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA), यूपी पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मिलकर बड़े स्तर पर ऑपरेशन चलाया है। इस दौरान अवैध सप्लाई पर रोक लगाई गई है और कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों के राजनीतिक संबंध समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं।

SIT जांच और अवैध लेन-देन की आशंका
सीएम योगी ने कहा कि राज्य स्तरीय SIT इस पूरे मामले की जांच कर रही है और सच सामने लाने के लिए हर पहलू को खंगाला जा रहा है। उन्होंने सपा नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि यह वही स्थिति है जिसमें गलती खुद की होती है लेकिन दोष आईने को दिया जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि जांच के दौरान अवैध लेन-देन से जुड़े तथ्य भी सामने आ सकते हैं और अंततः दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

विधानसभा में वंदे मातरम् पर विशेष चर्चा
शीतकालीन सत्र के एजेंडे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सदन में एक विशेष और अहम चर्चा कराई जाएगी। सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों को इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद है।

अखिलेश यादव का पलटवार और बीजेपी पर आरोप
इससे पहले गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर पलटवार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई में शामिल लोगों को बचाया जा रहा है। अखिलेश यादव के मुताबिक, विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा क्योंकि यह सिर्फ यूपी नहीं बल्कि पूरे देश से जुड़ी गंभीर समस्या है।

देश-विदेश तक फैले रैकेट का दावा
अखिलेश यादव ने दावा किया कि कोडीन युक्त कफ सिरप का यह कथित रैकेट वाराणसी के एक इलाके से शुरू हुआ और इसके तार पूरे देश के साथ-साथ विदेशों तक जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला कानून व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।