बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: चलती रोडवेज बस पर गिरा विशाल पेड़, ड्राइवर समेत 5 की मौत
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में चलती रोडवेज बस पर भारी-भरकम पेड़ गिरने से चालक और चार महिलाओं की मौत हो गई। हादसा जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख चौराहे के पास हुआ। कई यात्री घायल, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को दहला दिया। बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही यूपी रोडवेज की कांट्रेक्ट बस पर अचानक एक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही बस चालक और चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जैदपुर थाना क्षेत्र का मामला
यह हादसा जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख चौराहे के पास उस समय हुआ, जब बस पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। अचानक सड़क किनारे खड़ा विशाल पेड़ जड़ों से उखड़कर बस के ऊपर आ गिरा। बस पर पेड़ गिरते ही चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी फैल गई।
जान बचाने के लिए कूदे यात्री
हादसे के बाद कई यात्री जान बचाने के लिए बस की खिड़की से कूद पड़े। वहीं, कुछ लोग अपने परिजनों को बचाने के लिए खिड़की और दरवाजे से बस में घुस गए। मौके पर मौजूद लोग घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
पुलिस और राहत टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और अन्य वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
सड़क पर लगा लंबा जाम
पेड़ गिरने से बस के साथ-साथ पूरी सड़क भी अवरुद्ध हो गई। क्रेन और जेसीबी की मदद से पेड़ को हटाने का प्रयास किया गया, तब जाकर ट्रैफिक धीरे-धीरे सामान्य हुआ।


आँखें न्यूज़ 24 




