राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला: ‘1 करोड़ वोटर्स अचानक आए, मोदी सिर्फ 25 सीटों से PM बने’

बेंगलुरु में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र और कर्नाटक चुनावों में वोटिंग में गड़बड़ी हुई, 1 करोड़ नए वोटर्स अचानक सामने आए और मोदी सिर्फ 25 सीटों से प्रधानमंत्री बने।

राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला: ‘1 करोड़ वोटर्स अचानक आए, मोदी सिर्फ 25 सीटों से PM बने’
Rahul Gandhi

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग (Election Commission) को कठघरे में खड़ा किया है। शुक्रवार को बेंगलुरु में आयोजित एक रैली में उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन ने जीत दर्ज की थी, लेकिन सिर्फ 4 महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी (BJP) ने सत्ता हथिया ली।

1 करोड़ वोटर्स अचानक कहां से आ गए?
राहुल गांधी ने खुलासा करते हुए कहा कि जांच में यह सामने आया कि विधानसभा चुनाव के दौरान करीब 1 करोड़ नए वोटर अचानक वोट डालने के लिए निकल आए। उन्होंने सवाल उठाया, “जो लोग लोकसभा चुनाव में वोट डालने नहीं आए थे, वही 1 करोड़ लोग जादू से विधानसभा में वोटिंग करने पहुंच गए। इन बढ़े हुए वोटों के सहारे बीजेपी ने चुनाव जीता। हमें शुरू से शक था कि दाल में कुछ काला है।”

कर्नाटक में भी ‘फर्जीवाड़ा’ का आरोप
राहुल ने कर्नाटक का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों में गड़बड़ी की गई। “हम 16 सीटों पर जीत रहे थे, लेकिन नतीजे आने पर केवल 9 सीट मिलीं। यह भी फर्जी तरीके से हुआ था। हमने इसकी जांच की, लेकिन चुनाव आयोग कोई जवाब नहीं दे रहा।”

‘बीजेपी और चुनाव आयोग लोकतंत्र की हत्या कर रहे’
राहुल गांधी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “बीजेपी और चुनाव आयोग लोकतंत्र (Democracy) की हत्या कर रहे हैं। हर भारतीय को संविधान (Constitution) वोट का अधिकार देता है और हमें इसकी रक्षा करनी होगी। पिछले चुनाव में बीजेपी ने संविधान पर हमला किया था और अब वह हर संवैधानिक संस्थान को खत्म करना चाहती है।”

‘हमें वोटिंग की पूरी वीडियोग्राफी चाहिए’
कांग्रेस नेता ने मांग की कि चुनाव आयोग उन्हें वोटिंग की पूरी वीडियोग्राफी उपलब्ध कराए। हम यह साबित कर देंगे कि वोटों की चोरी हुई है और यह सिर्फ कर्नाटक में ही नहीं, पूरे देश में किया गया है। चुनाव आयोग बीजेपी का नहीं, बल्कि देश का संस्थान है, लेकिन इसके अफसर संविधान पर हमला कर रहे हैं।

‘मोदी सिर्फ 25 सीटों से PM बने’
राहुल गांधी ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी केवल 25 सीटों की वजह से प्रधानमंत्री बने हैं। अगर हमें इलेक्ट्रॉनिक डेटा मिल जाए तो हम साबित कर देंगे कि मोदी चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं। इन 25 सीटों में बीजेपी की जीत का अंतर सिर्फ 35 हजार वोट है।

‘वेबसाइट बंद कर दी गईं’
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने पारदर्शिता खत्म करने के लिए कई राज्यों की वेबसाइट बंद कर दी हैं। राजस्थान और बिहार की वेबसाइट बंद कर दी गई, ताकि असली डेटा सामने न आ सके। यह लोकतंत्र के खिलाफ है और विपक्षी दल एकजुट होकर इसका विरोध कर रहे हैं।