पाक हमलों के बीच दिल्ली में हाई अलर्ट, महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई; गाड़ियों की चेकिंग

आईटीओ में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बहुमंजिला इमारत की छत पर लगे सायरन का परीक्षण करेगा, जिसे किसी संभावित हवाई हमले की चेतावनी के लिए लगाया गया है। परीक्षण अपराह्न 3 बजे शुरू होगा और 15-20 मिनट की अवधि के लिए किया जाएगा।

पाक हमलों के बीच दिल्ली में हाई अलर्ट, महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई; गाड़ियों की चेकिंग
प्रतीकात्मक तस्वीर

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकारी भवनों, सीवेज उपचार संयंत्रों, जल उपचार संयंत्रों, अदालतों और विदेशी दूतावासों सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

नागरिक सुरक्षा निदेशालय शुक्रवार को आईटीओ में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बहुमंजिला इमारत की छत पर लगे सायरन का परीक्षण करेगा, जिसे किसी संभावित हवाई हमले की चेतावनी के लिए लगाया गया है। एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि परीक्षण अपराह्न 3 बजे शुरू होगा और 15-20 मिनट की अवधि के लिए किया जाएगा।

वहीं सरकार ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सेना की एक ब्रिगेड पर आत्मघाती हमले के दावों और पंजाब के जालंधर में ड्रोन हमले का दावा करने संबंधी सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो को ‘फर्जी खबर’करार देते हुए खारिज कर दिया। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की ‘फैक्ट चेक’ इकाई ने पाया कि जम्मू-कश्मीर में सेना की किसी भी छावनी पर कोई ‘‘फिदायीन’’ या आत्मघाती हमला नहीं हुआ तथा जालंधर में ड्रोन हमले का दावा करने वाला वीडियो एक खेत में लगी आग की घटना से संबंधित है।