दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता बोलीं – 'यह हमला सिर्फ मुझ पर नहीं, जनता की सेवा की प्रतिबद्धता पर कायराना कोशिश है'
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। इस पर उनका पहला बयान आया, जिसमें उन्होंने कहा कि यह हमला जनता की सेवा की उनकी प्रतिबद्धता पर कायराना कोशिश है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पहले से ज्यादा ऊर्जा के साथ सेवा जारी रखेंगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद उनका पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने इसे केवल अपने ऊपर हमला न मानते हुए जनता की समस्याओं को हल करने की उनकी प्रतिबद्धता पर किया गया एक कायराना प्रयास बताया।
सदमे में थी, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रही हूं – रेखा गुप्ता
हमले के तुरंत बाद सीएम गुप्ता सदमे में थीं, लेकिन अब उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है। स्वाभाविक है कि इस हमले के बाद मैं सदमे में थी, परन्तु अब बेहतर महसूस कर रही हूं।
उन्होंने समर्थकों और शुभचिंतकों से आग्रह किया कि वे उनसे मिलने की चिंता न करें, क्योंकि वह जल्द ही जनता के बीच सक्रिय नज़र आएंगी।
'जनता की सेवा का संकल्प अडिग है'
मुख्यमंत्री गुप्ता ने साफ कहा कि ऐसे हमले उनके हौसले को तोड़ नहीं सकते। उन्होंने लिखा, ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी तोड़ नहीं सकते। अब मैं पहले से कहीं अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ आपके बीच रहूंगी।
सीएम ने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई और जनता की समस्याओं का समाधान पहले की तरह ही गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।
जनता का विश्वास मेरी ताक़त – रेखा गुप्ता
उन्होंने दिल्लीवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताक़त है। उन्होंने शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।


आँखें न्यूज़ 24 




