IPL-2025 स्थगित, भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच BCCI ने लिया फैसला
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि यह अच्छा नहीं लगता कि जब देश में युद्ध चल रहा है, तब क्रिकेट चल रहा है। उन्होंने लीग के स्थगित होने की पुष्टि की, जिसका समापन 25 मई को कोलकाता में होना था।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढते सैन्य टकराव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को शुक्रवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया और बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि मौजूदा हालात में टूर्नामेंट जारी रखना सही नहीं होगा ।
जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार का मैच बीच में ही रद्द होने के बाद से मौजूदा आईपीएल के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि यह अच्छा नहीं लगता कि जब देश में युद्ध चल रहा है, तब क्रिकेट चल रहा है। उन्होंने लीग के स्थगित होने की पुष्टि की, जिसका समापन 25 मई को कोलकाता में होना था। अब बीसीसीआई के सामने बचे हुए मैचों के लिए नए शेड्यूल बनाने और भारत में मौजूद विदेशी खिलाड़ियों को उनके घर पहुंचाने की बड़ी चुनौती होगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर करीबी नजर बनाए हुए है, क्योंकि 20 से ज्यादा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और कोच मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग में खेल रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




