India Pakistan Ceasefire: भारत-पाक के DGMO की वार्ता टली, अब शाम को होगी

भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच बातचीत सोमवार शाम को होगी। हॉटलाइन पर होने वाली यह बातचीत पहले दोपहर 12 बजे होनी थी। बातचीत को कुछ घंटे के लिए टालने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

India Pakistan Ceasefire: भारत-पाक के DGMO की वार्ता टली, अब शाम को होगी
प्रतीकात्मक तस्वीर

India Pakistan Ceasefire:भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच दोपहर को होने वाली बातचीत अब शाम को होगी। सेना के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दोनों सेनाओं के संचालन महानिदेशकों के बीच दोपहर बारह बजे जो बातचीत होनी थी उसे टाल दिया गया है और अब यह बातचीत शाम को होगी। हालाकि सूत्रों ने बातचीत के समय का खुलासा नहीं किया। उन्होंने अभी बातचीत को शाम तक टालने का कारण भी नहीं बताया है। 

इस बैठक में सैन्य कार्रवाई को रोकने पर 10 मई को बनी सहमति की समीक्षा और इसे आगे बढ़ने पर चर्चा की जाएगी। इस वार्ता का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई को दीर्घावधि के लिए रोकना है। 

दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के तहत 6-7 मई की दरमियानी रात को आतंकी ठिकानों पर भारत के बड़े हमले के बाद पाकिस्तान ने पलटवार किया। इस पर 9 मई को भारत ने पाकिस्तान पर जवाबी एयर स्ट्राइक किया और 10 मई को भी जमकर गोलाबारी की। भारत की तगड़े पलटवार के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर से फोन पर बात की। जिसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारतीय विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर से बात की और बताया कि पाकिस्तान बातचीत के लिए तैयार हो गया है।

जानकारी के मुताबिक इस दौरान भारत ने साफ-साफ कहा कि यह बातचीत डीजीएमओ के बीच ही होगी। जिसके बाद पाकिस्तानी डीजीएमओ ने भारतीय डीजीएमओ से 10 मई की दोपहर को बात करने का समय मांगा। वहीं फिर दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे के आसपास भारत पाकिस्तान डीजीएमओ के बीच बात हुई। जिसमें पाकिस्तानी डीजीएमओ ने सीजफायर की बात कही। इसके कुछ ही घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट कर भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर का ऐलान कर दिया। हालांकि इस ट्वीट के कुछ देर बाद विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश को सीजफायर की जानकारी दी।