MLA हॉस्टल विवाद: विधायक का थप्पड़ माफ, कैंटीन का धंधा साफ — ये कैसा इंसाफ?

मुंबई MLA हॉस्टल में बासी भोजन विवाद पर शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने कर्मचारी को थप्पड़ मारा। FDA ने कैंटीन का लाइसेंस निलंबित किया।

MLA हॉस्टल विवाद: विधायक का थप्पड़ माफ, कैंटीन का धंधा साफ — ये कैसा इंसाफ?
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

महाराष्ट्र विधानसभा परिसर के विधायक हॉस्टल (MLA Hostel) की कैंटीन में खराब और बासी खाना परोसे जाने का मामला तूल पकड़ गया है। शिवसेना (Shivsena) के बुलढाणा के विधायक संजय गायकवाड़ (Sanjay Gaikwad) ने गुस्से में आकर कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। 

इसका वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद महाराष्ट्र Food & Drug Administration (FDA) ने कैंटीन चलाने वाली अजंता कैटरर्स (Ajanta Caterers) का लाइसेंस निलंबित कर दिया और उन्हें 10 जुलाई से MLA हॉस्टल में खाद्य सेवा बंद करने का निर्देश दिया। लेकिन विधायक गायकवाड़ के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मुद्दे पर विधानसभा और विधान परिषद में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच सियासी गर्मी बढ़ गई है।

क्या है पूरा मामला?
बुधवार शाम मुंबई के MLA हॉस्टल में कैंटीन से खाना मंगवाने के बाद संजय गायकवाड़ ने शिकायत की कि दाल और चावल सड़े हुए और बदबूदार थे। उन्होंने कहा कि पहला निवाला खाने के बाद उल्टी जैसा महसूस हुआ। गुस्से में वह कैंटीन पहुंचे और कर्मचारियों से सवाल किया। कर्मचारियों के खाने को सूंघने के बाद उन्होंने कैंटीन मैनेजर को बुलाया और उसे भी दाल सूंघाई। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया।

गायकवाड़ ने मीडिया से कहा — मैं विधायक हूं और योद्धा भी। मैं गांधीवादी नहीं हूं। कैंटीन में खराब खाना दिया तो पिटाई करूंगा। मुझे कोई पछतावा नहीं है। यह मुद्दा मैं विधानसभा में भी उठाऊंगा। बासी खाने की शिकायतें पहले भी आती रही हैं। यह अपमानजनक है।

FDA का निरीक्षण और कार्रवाई
शिकायत और मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद FDA की टीम ने MLA हॉस्टल कैंटीन का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि अजंता कैटरर्स ने Food Safety and Standards Act, 2006 और Food Safety and Standards (Licensing and Registration of Food Businesses) Regulations, 2011 का उल्लंघन किया। FDA ने तत्काल उनका लाइसेंस निलंबित कर दिया।

सियासत तेज, विपक्ष ने साधा निशाना
इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेता अनिल परब ने सरकार पर राजनीतिक मनमानी का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद अध्यक्ष से विधायक गायकवाड़ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस तरह का आचरण सभी विधायकों की प्रतिष्ठा धूमिल करता है। इसका गलत संदेश जनता में जाता है। — CM फडणवीस

विधान परिषद अध्यक्ष राम शिंदे और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।