पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: बस से उतारकर पहचान पूछी, फिर 9 यात्रियों को गोलियों से छलनी कर दिया
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में झोब इलाके में नेशनल हाईवे पर बस रोककर 9 यात्रियों को गोलियों से मार डाला। हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली, लेकिन बलूच संगठनों पर शक।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के अशांत झोब इलाके में एक बार फिर आतंक का तांडव देखने को मिला। नेशनल हाईवे पर कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक यात्री बस को रोककर उसमें सफर कर रहे लोगों से उनकी पहचान पूछी और फिर गोलियों की बौछार कर दी। इस हमले में 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए सभी यात्री पंजाब के अलग-अलग इलाकों के निवासी थे। वे क्वेटा से लाहौर की ओर जा रहे थे। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
झोब के असिस्टेंट कमिश्नर नावेद आलम ने बताया कि शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर कुछ हथियारबंद हमलावरों ने बस को बीच रास्ते में रोका। यात्रियों को उतारा गया और उनसे उनकी जातीय व प्रांतीय पहचान पूछी गई। इसके बाद 9 यात्रियों को गोली मारकर हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि बाकी यात्री किसी तरह बच निकले। बस पर हमला होते ही अफरा-तफरी मच गई।
अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि बलूचिस्तान में अक्सर बलोच अलगाववादी संगठनों द्वारा इस तरह के हमले किए जाते रहे हैं।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने घटना की निंदा करते हुए इसे आतंकी हमला करार दिया। उन्होंने कहा, आतंकियों ने मासूम यात्रियों को बस से उतारकर उनकी पहचान पूछी और 9 निर्दोष लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
इससे पहले भी हुए ऐसे हमले
मार्च 2025 में बलूच लिबरेशन आर्मी ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। उस वक्त ट्रेन में 400 से ज्यादा लोग सवार थे और दर्जनों को बंधक बना लिया गया था।
इसी बीच शुक्रवार को ही बलूचिस्तान के मस्तुंग और क्वेटा में भी तीन बंदूकधारियों ने अलग-अलग जगहों पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन बलूच सरकार के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने समय रहते इन हमलों को नाकाम कर दिया।


आँखें न्यूज़ 24 




