पीएम मोदी का नॉर्थ-ईस्ट दौरा: मिजोरम को मिला पहली बार रेल कनेक्शन, दिल्ली तक सीधी राजधानी एक्सप्रेस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिजोरम को 9000 करोड़ की सौगात देते हुए बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया। मिजोरम पहली बार दिल्ली से सीधी राजधानी एक्सप्रेस के जरिए जुड़ा। नई ट्रेनें कोलकाता और गुवाहाटी तक भी चलेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय नॉर्थ-ईस्ट दौरे के तहत मिजोरम पहुंचे। खराब मौसम के कारण वे राजधानी आइजोल में जनसभा में सीधे शामिल नहीं हो पाए, लेकिन एयरपोर्ट से ही उन्होंने 9000 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया और राज्य को ऐतिहासिक रेल कनेक्शन की सौगात दी।
बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन
पीएम मोदी ने बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन करते हुए मिजोरम को पहली बार देश के अन्य हिस्सों से रेल नेटवर्क से जोड़ दिया। इस रेल कनेक्शन के साथ अब मिजोरम से दिल्ली तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है।
दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी तक नई ट्रेनें
प्रधानमंत्री ने आइजोल से तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई—
आइजोल–आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस (सप्ताह में एक दिन)
सैरंग–कोलकाता ट्रेन (सप्ताह में तीन दिन)
सैरंग–गुवाहाटी ट्रेन
इन सेवाओं से मिजोरम का संपर्क बड़े शहरों से मजबूत होगा और व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
'रेल लाइन सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं, बदलाव की जीवनरेखा'
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा— यह सिर्फ एक रेलवे प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि परिवर्तन की जीवनरेखा है। मिजोरम के किसानों और कारोबारियों को अब देशभर के बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
11 सालों में नॉर्थ-ईस्ट की तस्वीर बदली
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले ग्यारह सालों में नॉर्थ-ईस्ट को रेल, सड़क, मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट, बिजली, नल का पानी और एलपीजी कनेक्शन जैसी सुविधाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने जोर दिया कि नॉर्थ-ईस्ट अब भारत का डेवलपमेंट इंजन बन रहा है।
हवाई और हेलीकॉप्टर सेवाओं का विस्तार
मोदी ने बताया कि मिजोरम को हवाई यात्रा के लिए उड़ान योजना का लाभ मिलेगा। जल्द ही यहां हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू होंगी, जिससे दूरदराज़ इलाकों तक पहुंच और आसान हो जाएगी।


आँखें न्यूज़ 24 




