PM मोदी का मणिपुर से आह्वान: दुःख को पीछे छोड़ें, शांति का मार्ग चुनें
मणिपुर के चुराचांदपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित किया। हिंसा पर दुख जताते हुए उन्होंने कुकी-मैतई संवाद को उम्मीद की किरण बताया। 7,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, 500 करोड़ विस्थापितों के लिए और मेडिकल कॉलेज समेत कई घोषणाएं कीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर के चुराचांदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर का जज्बा पूरे देश के लिए प्रेरणा है और यह राज्य पूरे नॉर्थ ईस्ट की चमक बढ़ाने वाला "मणि" है। उन्होंने हिंसा की घटनाओं पर दुख जताते हुए कहा कि अब शांति और विश्वास की नई सुबह दस्तक दे रही है।
कुकी-मैतई संवाद को बताया उम्मीद की किरण
पीएम मोदी ने कहा कि दशकों से चली आ रही कड़वाहट खत्म हो रही है। कुकी और मैतई समुदायों के बीच बातचीत की शुरुआत सकारात्मक संकेत है। उन्होंने अपील की – आइए, शांति का रास्ता अपनाएं और मिलकर मणिपुर को आगे बढ़ाएं।
विस्थापितों के लिए ₹500 करोड़ की राहत
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भारत सरकार मणिपुर के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों की मदद के लिए ₹500 करोड़ की व्यवस्था की गई है।
7 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
पीएम मोदी ने मंच से ही करीब 7,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उनका कहना था कि ये प्रोजेक्ट्स मणिपुर के पहाड़ी और ट्राइबल समाज की जिंदगी को नई दिशा देंगे।
रेल और रोड कनेक्टिविटी में क्रांति
प्रधानमंत्री ने बताया कि मणिपुर में कनेक्टिविटी हमेशा से बड़ी चुनौती रही है, जिसे अब तेज़ी से दूर किया जा रहा है। रेल और सड़क बजट कई गुना बढ़ाया गया। सैकड़ों गांवों तक सड़कें पहुंचीं। जीरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन जल्द राजधानी इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।
हिल्स और वैली समझौतों पर प्रगति
पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में हिल्स और वैली में अलग-अलग संगठनों से बातचीत कर समझौते हुए हैं। उन्होंने कहा – संवाद, सम्मान और आपसी समझ ही शांति की नींव है। सभी संगठन शांति के रास्ते पर आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें।
गरीबों और युवाओं के लिए योजनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। 15 करोड़ परिवारों को नल से जल की सुविधा, मणिपुर में अब 3.5 लाख घरों में पाइपलाइन से पानी उपलब्ध, गरीबों के लिए पक्के घर बनाए गए।
मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
चुराचांदपुर में स्थापित नया मेडिकल कॉलेज प्रधानमंत्री की घोषणा का अहम हिस्सा रहा। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद पहली बार मणिपुर के पहाड़ी इलाके में मेडिकल कॉलेज बना है।
मणिपुर का उज्जवल भविष्य
पीएम मोदी ने कहा कि पहले दिल्ली की घोषणाओं को मणिपुर तक पहुंचने में दशकों लग जाते थे, लेकिन अब मणिपुर देश की विकास यात्रा में बराबरी से शामिल हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में मणिपुर नॉर्थ ईस्ट का चमकता सितारा बनेगा।


आँखें न्यूज़ 24 




