एयर इंडिया AI-171 विमान हादसा: पीएम मोदी ने जताया शोक, गौतम अडानी का भावुक बयान
एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से लंदन जाते समय दुर्घटनाग्रस्त। 242 यात्री सवार। प्रधानमंत्री मोदी और गौतम अडानी ने हादसे पर जताया गहरा शोक। जानें पूरा विवरण।
अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस त्रासदी में विमान में सवार सभी 242 लोगों की स्थिति अज्ञात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी समेत देशभर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
दोपहर 1:38 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 10 चालक दल के सदस्यों और तीन छोटे बच्चों सहित कुल 242 लोग सवार थे।
पढ़ें: एयर इंडिया AI-171 प्लेन टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश, दो हिस्सों में बंटा विमान; पायलट का MAYDAY कॉल
एयर इंडिया के बयान के अनुसार, यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। दुर्घटना के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है, और जांच जारी है।
प्रधानमंत्री और अडानी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।
गौतम अडानी ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 के हादसे से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अकल्पनीय क्षति सहन की है। हम सभी अधिकारियों के साथ मिलकर ग्राउंड पर मौजूदा परिवारों को पूरा सपोर्ट दे रहे हैं।
पढ़ें: प्लेन क्रैश में किस सीट पर बैठे यात्रियों के बचने की संभावना होती है ज्यादा? जानें
तत्काल आपातकालीन उपाय
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई गई। क्षेत्र की सभी सड़कों को बंद कर दिया गया ताकि बचाव दल और आपातकालीन सेवाएं तेजी से काम कर सकें। एयर इंडिया ने कहा कि इस कठिन समय में वह यात्रियों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


आँखें न्यूज़ 24 




