अहमदाबाद विमान हादसे में आगरा के दंपति की मौत, लंदन जा रहे थे छुट्टियां मनाने
गुरुवार को अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में आगरा के नीरज और अपर्णा लवानिया सवार थे। हादसे में 241 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने मदद का आश्वासन दिया।
गुरुवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरते ही एयर इंडिया के विमान AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद हादसे में 242 में से 241 यात्रियों की मौत हो गई, और केवल एक भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक बचा है। यह दुर्घटना अहमदाबाद के मेडिकल कॉलेज परिसर में हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।
आगरा के दंपति भी थे विमान में सवार
इस हादसे में आगरा के अकोला के निवासी नीरज लवानिया और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया भी शामिल थे। नीरज अहमदाबाद के बड़ोदरा में प्राइवेट जॉब करते थे और उनकी पत्नी भी जॉब करती थीं। दोनों अपने काम के सिलसिले में लंदन के टूर पर जा रहे थे।
इस खबर के आगरा में पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। परिजन और परिचितों का घर पर तांता लग गया। अभी तक दंपति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, जिससे परिवार और परेशान है।
पढ़ें: अहमदाबाद प्लेन क्रैश: PM मोदी ने घायलों से मुलाकात की, 265 लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन? जांच जारी
परिवार को मिला सांसद का सहयोग
इस दुख की घड़ी में आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के सांसद राजकुमार चाहर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। परिवार के सदस्य इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।
एयर इंडिया की आधिकारिक पुष्टि
एयर इंडिया ने गुरुवार देर रात एक बयान में हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो चुकी है। बयान में कहा गया कि हमें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि हमारे विमान AI-171 के सभी यात्रियों में से केवल एक व्यक्ति जीवित है, जो भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है। उसका इलाज अहमदाबाद के अस्पताल में चल रहा है।"
जानकारी के अनुसार, विमान ने दोपहर में अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यह एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य भी शामिल थे।


आँखें न्यूज़ 24 




