अहमदाबाद हादसे के बाद थाईलैंड से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट को मिली बम धमकी, सुरक्षित लैंडिंग कराई गई
फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट AI 379 को बम धमकी के बाद आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। अहमदाबाद प्लेन क्रैश के एक दिन बाद हुई इस घटना ने दहशत बढ़ा दी।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश की दुखद घटना के ठीक एक दिन बाद थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 379 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी के चलते विमान को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
फुकेट एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान में कुल 156 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला।
फ्लाइट का ट्रैक और आपातकालीन लैंडिंग
फ्लाइट ट्रैकर Flightradar24 की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट AI 379 ने सुबह 9:30 बजे (स्थानीय समय) फुकेट एयरपोर्ट से उड़ान भरी। उड़ान के दौरान अंडमान सागर के ऊपर विमान ने कई चक्कर लगाए। करीब 11:38 बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश की गूंज
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पूरा देश गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से सदमे में है। गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गई थी, जिसमें 242 में से 241 यात्रियों की मौत हो गई।
फर्जी धमकियों का बढ़ता सिलसिला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले एक साल में भारतीय एयरलाइंस और हवाई अड्डों को बम की झूठी धमकियों का सामना करना पड़ा है। 10 महीनों में लगभग 1000 फर्जी धमकियां दर्ज की गईं, जो कि उससे पहले के साल की तुलना में 10 गुना अधिक हैं।
फिलहाल स्थिति सामान्य
फुकेट एयरपोर्ट और एयर इंडिया ने इस घटना पर तत्काल आपातकालीन प्रोटोकॉल का पालन किया। एयर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




