अमिताभ बच्चन ने युद्धपोत पर बिताया दिन, बोले - भारतीय सेनाओं के साहस को शब्दों में बांधना मुश्किल
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने भारतीय नौसेना के युद्धपोत पर एक दिन बिताया। सशस्त्र बलों के समर्पण को लेकर लिखा भावुक नोट।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने हाल ही में भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत (Warship) का दौरा किया और पूरे दिन सशस्त्र बलों के साथ बिताया। इस विशेष अनुभव के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा, "हमारी सेनाओं की ताकत, हमारे योद्धाओं के समर्पण और भारत के प्रति उनके अटूट योगदान को मेरा सलाम।"
ब्लैक ब्लेजर और सफेद स्नीकर्स में अमिताभ बच्चन की कुछ शानदार तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें वे वॉरशिप के डेक पर गर्व के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, "आप हमारी सेनाओं की ताकत के बारे में सुनते हैं... उनके बलिदान की कहानियां जानकर गर्व महसूस करते हैं... लेकिन जब आप उन्हें करीब से देखते हैं, तब असली समर्पण और परिश्रम का एहसास होता है।"
अमिताभ ने आगे लिखा, "हम आराम से अपने घरों में चैन की नींद लेते हैं, क्योंकि हमारे जवान सीमाओं पर हमारे लिए सतर्क रहते हैं। उनकी इच्छाशक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को देखकर मन श्रद्धा से भर जाता है।"
उन्होंने यह भी कहा कि इस अनुभव से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है और उन्हें भारतीय सेनाओं के कई ऐसे पहलुओं की जानकारी मिली जो आम लोगों के लिए अज्ञात रहते हैं। "मैं बहुत कुछ सीखकर लौटा हूं... ऐसा लगा जैसे एक निर्देशित हाथ मुझे उस वीरता और अनुशासन की दुनिया से परिचित करा रहा था," उन्होंने लिखा।
इससे पहले भी अमिताभ बच्चन भारतीय सैन्य बलों के प्रति अपना सम्मान जताते रहे हैं। उन्होंने एक पुरानी पोस्ट में लिखा था, "जीवन भर का एक यादगार अनुभव - भारतीय नौसेना के विध्वंसक जहाज पर बिताया पूरा दिन... हमारे लड़ाकू बलों के लिए गर्व और सम्मान।"
वर्कफ्रंट की बात करें तो बिग बी आखिरी बार रजनीकांत के साथ फिल्म ‘वेट्टैयां’ में नजर आए थे, जिसमें फहद फासिल और राणा दग्गुबाती भी अहम भूमिकाओं में थे।


आँखें न्यूज़ 24 




