‘रूद्र शक्ति’ फिल्म की टीम ने मनाया वन महोत्सव, दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

पटना के वीर कुंवर सिंह आज़ादी पार्क में वन महोत्सव 2025 के मौके पर भोजपुरी फिल्म ‘रूद्र शक्ति’ की टीम ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विक्रांत सिंह और अक्षरा सिंह ने फिल्म को बताया समाज के लिए चेतना।

‘रूद्र शक्ति’ फिल्म की टीम ने मनाया वन महोत्सव, दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
पटना में वन महोत्सव के मौके पर अभिनेत्री अक्षरा सिंह वृक्षारोपण करती हुई

भोजपुरी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित सामाजिक–धार्मिक फिल्म ‘रूद्र शक्ति’ की टीम ने आज पटना के वीर कुंवर सिंह आज़ादी पार्क में वन महोत्सव 2025 के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

फिल्म के अभिनेता विक्रांत सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, निर्माता चंद्र भूषण सिंह, सह निर्माता संगीता सिंह, निर्देशक निशांत सी शेखर, और अभिनेता मनमोहन तिवारी सहित पूरी टीम मौजूद रही। टीम ने ‘रूद्र शक्ति’ के नाम से नीम का पौधा लगाकर पर्यावरण को बचाने की अपील की।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सिनेमा की अहम भूमिका: अक्षरा सिंह
कार्यक्रम में मौजूद अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने कहा — आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि एक कलाकार के तौर पर समाज को सिर्फ पर्दे पर नहीं, बल्कि व्यवहार में भी संदेश देना ज़रूरी है। वृक्षारोपण केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि एक संकल्प है – स्वच्छ हवा, बेहतर जीवन और संतुलित भविष्य का। ‘रूद्र शक्ति’ सिर्फ फिल्म नहीं, एक चेतना है, जिसे हम समाज के साथ साझा करना चाहते हैं।

‘रूद्र’ के किरदार से न्याय और पर्यावरण का संदेश: विक्रांत सिंह
फिल्म के लीड अभिनेता विक्रांत सिंह ने कहा — हमने अपनी फिल्म ‘रूद्र शक्ति’ के किरदार रुद्र के माध्यम से समाज को एक मजबूत संदेश देने की कोशिश की है – अन्याय के खिलाफ खड़ा होना और सच्चाई का साथ देना। इसी तरह पर्यावरण संरक्षण भी आज की सबसे बड़ी लड़ाई है, जिसमें हर किसी को भागीदार बनना चाहिए। पेड़ लगाना हमारा धर्म है।

फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, सामाजिक चेतना का प्रयास: निर्देशक
निर्देशक निशांत सी शेखर ने कहा, मैं आभारी हूं कि हमें इस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। हमारी फिल्म ‘रूद्र शक्ति’ सिर्फ एक मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का प्रयास है। आज हमने जिस पौधे को लगाया है, वह हमारी अगली पीढ़ी के लिए जीवनदायी छांव बनेगा।

18 जुलाई को रिलीज़ होगी ‘रूद्र शक्ति’
आपको बता दें कि ‘रूद्र शक्ति’ बिभूति एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी एक सामाजिक–धार्मिक फिल्म है, जो 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म में विक्रांत सिंह ने शिवभक्त ‘रुद्र’ की भूमिका निभाई है, जिनका प्रेम शक्ति (अक्षरा सिंह) से होता है। फिल्म में आस्था, प्रेम, संघर्ष और न्याय का शानदार संगम दर्शाया गया है।

समारोह का समापन पर्यावरण बचाने के संकल्प के साथ
फिल्म के अभिनेता मनमोहन तिवारी ने भी कहा कि ऐसी फिल्में समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। समारोह का समापन “हम पर्यावरण बचाएंगे” के संकल्प के साथ हुआ।