धर्मेंद्र का सफर थम गया: बॉलीवुड ने खो दिया अपना ‘ही-मैन’, जन्मदिन से 14 दिन पहले ली अंतिम सांस

आज बॉलीवुड ने अपना महान अभिनेता धर्मेंद्र खो दिया। 90वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल में इलाज, परिवार का बयान, सेलिब्रिटी श्रद्धांजलियां, करियर, नेटवर्थ और उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’—पूरी खबर विस्तार से पढ़ें।

धर्मेंद्र का सफर थम गया: बॉलीवुड ने खो दिया अपना ‘ही-मैन’, जन्मदिन से 14 दिन पहले ली अंतिम सांस
Dharmendra

हिंदी सिनेमा के अमर सुपरस्टार और करोड़ों दिलों की धड़कन रहे धर्मेंद्र आज हमारे बीच नहीं रहे। कई दिनों से घर पर इलाज चला रहा था और हाल ही में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 10 नवंबर को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और वेंटिलेटर सपोर्ट तक की नौबत आ गई थी। उस समय सलमान खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और गोविंदा समेत कई बड़े सितारे अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेते दिखे थे।

अमिताभ बच्चन पहुंचे अंतिम विदाई में, इंडस्ट्री शोक में डूबी
उनके निधन के कुछ ही समय बाद अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर पहुंचते हुए देखा गया। कई सेलेब्रिटी और नेताओं के आने की भी संभावना है। धर्मेंद्र की लोकप्रियता और उनके प्रति लोगों का प्यार आज साफ दिखाई दे रहा है।

करण जौहर का इमोशनल पोस्ट—“एक युग का अंत”
फिल्ममेकर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र की एक तस्वीर साझा कर लिखा— ये एक युग का अंत है… सिनेमा के इतिहास में धर्मेंद्र साहब का नाम हमेशा चमकता रहेगा। वह सिर्फ सुपरस्टार नहीं थे, बल्कि एक महान इंसान भी थे। उनके साथ काम करना मेरे लिए हमेशा सौभाग्य रहेगा।

अपने 90वें जन्मदिन से 14 दिन पहले दुनिया को अलविदा
8 दिसंबर को धर्मेंद्र 90 साल के होने वाले थे। खबरें थीं कि परिवार उनके जन्मदिन पर घर में छोटी-सी सेलिब्रेशन की तैयारी कर रहा था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अपने जन्मदिन से ठीक 14 दिन पहले यह महान अभिनेता दुनिया को छोड़ गया। फैंस इस खबर से सदमे में हैं और सोशल मीडिया पर लगातार श्रद्धांजलियां दे रहे हैं।

परिवार ने झूठी खबरों का किया था खंडन, लेकिन आज आई दुखद सच्चाई
बीच में सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाहें भी तेजी से फैलीं थीं। उस समय उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटी ईशा देओल और बेटे सनी देओल ने खुद सामने आकर बताया था कि धर्मेंद्र की हालत में सुधार हो रहा है और सभी अफवाहें गलत हैं। लेकिन आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। यह खबर आते ही पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’, क्रिसमस पर होगी रिलीज
वर्कफ्रंट की बात करें तो धर्मेंद्र आखिरी बार शाहिद कपूर–कृति सेनन की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे। उनकी अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म अब उनकी अंतिम याद बन जाएगी।

60 साल का चमकता करियर और करोड़ों की संपत्ति
धर्मेंद्र ने 1960 के दशक में बॉलीवुड में कदम रखा था और कुछ ही समय में “ही-मैन” का खिताब पा लिया। एक्शन, रोमांस और कॉमेडी—हर जॉनर में उन्होंने अपनी पहचान छोड़ी। बतौर प्रोड्यूसर भी उन्होंने कई सफल फिल्में दीं और भारी संपत्ति अर्जित की। डीएनए की रिपोर्ट के अनुसार उनकी नेटवर्थ 335 से 450 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है।