राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप: कहा- हमारे पास वोट चोरी के 100% सबूत, BJP के लिए करवा रहा है गड़बड़ी
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का बड़ा आरोप लगाया। कहा- हमारे पास BJP के पक्ष में गड़बड़ी के 100% सबूत हैं, जांच में 'एटम बम' मिला।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को चुनाव आयोग (Election Commission of India) पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि उनके पास 100% पुख्ता सबूत हैं कि चुनाव आयोग ने BJP (भारतीय जनता पार्टी) के लिए वोट चोरी (Vote Tampering) करवाई है।
राहुल ने कहा, हमारे पास सबूत है कि चुनाव आयोग वोट चोरी करवा रहा है। मैं 100% सबूतों के साथ ये बात कह रहा हूं। हम जैसे ही ये सबूत सबके सामने रखेंगे, पूरे देश को पता चल जाएगा कि चुनाव आयोग BJP के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर लंबे समय से संदेह था। लेकिन जब चुनाव आयोग ने सहयोग नहीं किया, तो कांग्रेस ने स्वतंत्र जांच (Independent Investigation) करवाई, जिसमें 6 महीने लगे।
राहुल गांधी का बयान:
इस जांच में जो हमें मिला है, वो किसी ‘एटम बम’ से कम नहीं है। देश के लोकतंत्र को चीरने वाले इन लोगों को हम किसी भी हाल में नहीं छोड़ेंगे। चाहे वो चुनाव आयोग में हों या वहां से रिटायर हो चुके हों, हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे। उन्होंने देश के खिलाफ काम किया है, यह देशद्रोह है।
राहुल गांधी का यह बयान न केवल राजनीतिक भूचाल ला सकता है, बल्कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। हालांकि इस बयान के बाद चुनाव आयोग या BJP की तरफ से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


आँखें न्यूज़ 24 




