एशिया कप: पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद गौतम गंभीर का तंज, इरफान पठान को दी ईमानदारी की सीख

एशिया कप 2025 में पाकिस्तान पर जीत के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने सोनी स्पोर्ट्स स्टूडियो में बड़ा बयान दिया। इरफान पठान को अप्रत्यक्ष निशाने पर लेते हुए कहा— "ड्रेसिंग रूम हो या कमेंट्री बॉक्स, ईमानदारी जरूरी है।"

एशिया कप: पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद गौतम गंभीर का तंज, इरफान पठान को दी ईमानदारी की सीख
Gautam Gambhir

टीम इंडिया ने एशिया कप में पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज की तो खुशी सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रही। मैच के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के स्टूडियो पहुंचे। यहां उनसे टीम के परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा हुई। लेकिन इस चर्चा के बीच गंभीर का अंदाज़ ऐसा था जिसने सबका ध्यान खींच लिया।

इरफान पठान को दिया 'ईमानदारी' का संदेश
बातचीत के दौरान गौतम गंभीर ने सीधे तौर पर तो किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके निशाने पर पूर्व ऑलराउंडर और शो में मौजूद गेस्ट इरफान पठान साफ तौर पर नज़र आए।

गंभीर ने कहा— ड्रेसिंग रूम में ईमानदार लोग हों, तो माहौल और काम दोनों आसान हो जाते हैं। सिर्फ टीम में ही नहीं, ईमानदारी कमेंट्री बॉक्स और स्टूडियो में भी उतनी ही जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ऑरेंज की तुलना सिर्फ ऑरेंज से हो सकती है, एप्पल से नहीं। यानी कमेंट्री करना जितना आसान है, टीम को ट्रांजिशन फेज से निकालना उतना ही कठिन।

इरफान पठान का जिक्र और गंभीर का तंज
गौतम गंभीर ने जाते-जाते इरफान पठान का नाम लेकर उन्हें धन्यवाद कहा, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ दिया कि “ईमानदार बने रहिए।” इस वाक्य ने साफ कर दिया कि गंभीर के निशाने पर वही थे।

क्रिकेट जगत में यह चर्चा आम है कि इरफान पठान कई बार कमेंट्री के दौरान टीम इंडिया की रणनीतियों और खिलाड़ियों पर तीखे बयान देते रहे हैं। गंभीर का यह तंज शायद उसी पृष्ठभूमि में था।

टीम इंडिया का ट्रांजिशन फेज
गंभीर ने यह भी कहा कि फिलहाल भारतीय टीम ट्रांजिशन फेज से गुजर रही है और ऐसे वक्त में कमियां गिनाने के बजाय खिलाड़ियों का बैक करना ज्यादा जरूरी है। उनके मुताबिक सपोर्ट स्टाफ इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभा रहा है।