बिहार भाजपा मुख्यालय में बीपी मंडल जयंती समारोह, नेताओं ने किया नमन

बिहार भाजपा मुख्यालय में बीपी मंडल जयंती समारोह मनाया गया। भाजपा नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार, मंडल और कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार करने में जुटी है। जानिए कौन-कौन से नेताओं ने क्या कहा।

बिहार भाजपा मुख्यालय में बीपी मंडल जयंती समारोह, नेताओं ने किया नमन

बिहार भाजपा मुख्यालय स्थित कैलाशपति मिश्र सभागार में सोमवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और मंडल कमीशन (द्वितीय पिछड़ा वर्ग आयोग) के अध्यक्ष स्वर्गीय बीपी मंडल की जयंती धूमधाम से मनाई गई।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भाजपा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी प्रमोद चंद्रवंशी, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सभा में भाजपा नेताओं ने बीपी मंडल जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे न सिर्फ सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे, बल्कि उन्होंने पिछड़े वर्गों को उनका हक दिलाने के लिए पूरी ज़िंदगी संघर्ष किया।

भाजपा नेताओं के बयान
डॉ. निखिल आनंद ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीपी मंडल और कर्पूरी ठाकुर जी के सपनों को साकार करने में जुटे हैं। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना इसी दिशा में ऐतिहासिक कदम था।

विधायक संजीव चौरसिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “अगर कांग्रेस ने समय रहते मंडल कमीशन लागू किया होता और काका कालेलकर आयोग की सिफारिशों को ठुकराया न होता, तो आज पिछड़ा वर्ग और भी मजबूत स्थिति में होता। कांग्रेस ने हमेशा पिछड़ों को हाशिए पर रखा।

एमएलसी प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि मोदी सरकार ने ओबीसी समाज को सशक्त बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल में ओबीसी समाज के 27 मंत्री होना और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देना ऐतिहासिक पहल है।

संजय निषाद और वीरेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि अगर वीपी सिंह की सरकार ने भाजपा के समर्थन से मंडल कमीशन लागू नहीं किया होता, तो आज पिछड़ों की कोई पहचान नहीं होती। भाजपा ही पिछड़ों की असली हितैषी पार्टी है।