बिहार में ‘गर्भ घोटाला’! नीतीश सरकार पर RJD की तीखी चोट, BJP-JDU ने दिया जवाब

पंचायत आजतक के मंच पर RJD प्रवक्ता प्रियंका भारती ने नीतीश कुमार पर 'गर्भ घोटाला' का जिक्र करते हुए हमला बोला। जवाब में BJP की अनामिका पटेल और JDU की अनुप्रिया यादव ने महिला सशक्तिकरण और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर सरकार का पक्ष रखा। पढ़िए पूरा राजनीतिक टकराव।

बिहार में ‘गर्भ घोटाला’! नीतीश सरकार पर RJD की तीखी चोट, BJP-JDU ने दिया जवाब
RJD प्रवक्ता प्रियंका भारती

बड़ा इंटरेस्टिंग घोटाला है — नाम है गर्भ घोटाला! उसमें तो मर्दों का भी यूट्रस निकाल लिया गया था। नीतीश कुमार जी ने तो सबको दिखा दिया कि बिहार में कुछ भी संभव है। यह तंज RJD की प्रवक्ता प्रियंका भारती ने पंचायत आजतक के मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कसा। मंच का सेशन था — मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जिताएगी बिहार?

प्रियंका भारती ने कहा कि जिस राज्य में ऐसी चिकित्सीय गड़बड़ियां और “फर्जी ऑपरेशन” हुए हों, वहां सरकार को शर्मिंदा होना चाहिए। उन्होंने कहा, डेनमार्क की राष्ट्रपति ने सदियों पुराने एक मेडिकल स्कैंडल पर देश से माफी मांगी थी, तो अब नीतीश कुमार जी कब माफी मांगेंगे?

BJP प्रवक्ता अनामिका पटेल का पलटवार
इस पर बीजेपी की प्रवक्ता और एमएलसी अनामिका पटेल ने जवाबी हमला बोलते हुए कहा — जो लोग IAS अफसरों की पत्नियों तक को सुरक्षित नहीं रख सके, उन्हें महिला सुरक्षा की बात नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिहार में अब कोई संगठित अपराध नहीं है। पहले की तुलना में महिलाएं आज ज्यादा सुरक्षित और आत्मविश्वासी हैं। अनामिका ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल पैसों की बात नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा से शुरू होता है।

जब हमने बिहार को सुरक्षित बनाया, तब महिलाओं को हॉस्पिटल, स्कूल और दफ्तर तक जाने का आत्मविश्वास मिला। पहले तो महिलाएं घर से निकलने में डरती थीं। उन्होंने कहा कि अब बिहार की महिलाएं जीविका समूहों, आंगनवाड़ी केंद्रों और अस्पतालों में रोजगार पा रही हैं। यही असली ‘महिला सशक्तिकरण’ है।

10 हजार में कौन-सा रोजगार? विपक्ष का सवाल
प्रियंका भारती ने सवाल उठाया कि “क्या नीतीश कुमार सिर्फ शराबबंदी और 10-10 हजार रुपये बांटकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं? इस पर JDU प्रवक्ता अनुप्रिया यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना केवल ₹10,000 की आर्थिक मदद नहीं, बल्कि ‘स्वावलंबन की शुरुआत’ है।

JDU प्रवक्ता अनुप्रिया यादव का जवाब
अनुप्रिया ने कहा कि यही सोच “जीविका योजना” की नींव में थी, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ल्ड बैंक से लोन लेकर महिलाओं को आर्थिक रूप से जोड़ने का काम शुरू किया था। आज बिहार में एक करोड़ से अधिक महिलाएं जीविका समूह से जुड़ी हैं और राज्य की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिन लड़कियों को लालू यादव के शासन में घर से निकलने में डर लगता था, आज वे बैंक चला रही हैं, सिलाई-कढ़ाई सिखा रही हैं और दूसरों को रोजगार दे रही हैं।

₹10,000 की राशि किसी के लिए बहुत छोटी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास का पहला कदम है। इससे महिलाएं ब्यूटी पार्लर, सिलाई केंद्र, या सब्जी व्यवसाय शुरू कर सकती हैं। सरकार उन्हें प्रशिक्षण और बाजार से जुड़ाव भी दे रही है।