बिहार दिवस में ऊर्जा विभाग का जलवा, जानिए क्यों उमड़ी भीड़?

बिहार दिवस 2026 में पटना के गांधी मैदान में ऊर्जा विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना, जहां बिजली योजनाओं, सोलर स्कीम और स्मार्ट मीटर की जानकारी दी गई।

बिहार दिवस में ऊर्जा विभाग का जलवा, जानिए क्यों उमड़ी भीड़?

बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान, पटना में आयोजित भव्य समारोह के दौरान ऊर्जा विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। 22 से 24 मार्च तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन में विभाग ने बिजली क्षेत्र में हुए बदलाव और उपलब्धियों को बेहद रोचक तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे हर वर्ग के लोग प्रभावित नजर आए।

स्टॉल पर लगाई गई बड़ी स्क्रीन के माध्यम से बिहार में हुए विद्युतीकरण की यात्रा को जीवंत चित्रों और फिल्म के जरिए दिखाया गया। इसमें गांव-गांव तक पहुंची बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में आई क्रांति की झलक साफ दिखी। किसानों ने मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली, वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर के फायदे भी समझे।

लोगों को मिली जरूरी जानकारी
राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों ने ऊर्जा विभाग की योजनाओं को करीब से जाना। स्टॉल पर मौजूद अधिकारियों और अभियंताओं ने न सिर्फ योजनाओं की जानकारी दी, बल्कि बिजली बिल से जुड़े फर्जीवाड़े से बचने के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे केवल अधिकृत ऐप के माध्यम से ही बिल का भुगतान करें।

डिस्कॉम की उपलब्धियां प्रदर्शित
इस दौरान राज्य की दोनों बिजली वितरण कंपनियों की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। सौर ऊर्जा परियोजनाओं, बिजली आपूर्ति में सुधार और उपभोक्ता सेवाओं के आधुनिकीकरण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। स्मार्ट मीटर और ग्रिड विस्तार की सफलता की कहानी भी लोगों के सामने रखी गई।

थीम पर सजी खास प्रदर्शनी
इस वर्ष बिहार दिवस की थीम "उन्नत बिहार-विकसित बिहार" के अनुरूप स्टॉल को सजाया गया था। स्टॉल के पास बने सेल्फी प्वाइंट पर लोग उत्साह के साथ तस्वीरें लेते और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करते नजर आए, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया।