सोनपुर रेल मंडल में बड़ा हादसा, अवध असम एक्सप्रेस और ट्रॉली में जोरदार टक्कर; रेलवे कर्मचारी की मौत
बिहार के सोनपुर रेल मंडल में शुक्रवार को 15910 अवध असम एक्सप्रेस और रेलवे कर्मचारियों की ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर में एक कर्मचारी की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। घटना ने रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
बिहार के सोनपुर रेल मंडल के काढ़ागोला रोड और सेमापुर रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार को एक भयानक रेल हादसा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15910 अवध असम एक्सप्रेस और रेलवे कर्मचारियों की ट्रॉली के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक रेलवे कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दुर्घटना शुक्रवार को लगभग दोपहर 1 बजे हुई। जब अवध असम एक्सप्रेस बरौनी से कटिहार की ओर जा रही थी, उसी समय सेमापुर की ओर से काढ़ागोला रोड स्टेशन की तरफ आ रही रेलवे ट्रॉली उसी ट्रैक पर चल रही थी।
टक्कर की तीव्रता
तेज रफ्तार ट्रेन और ट्रॉली की यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली ट्रेन के इंजन में फंस गई और काफी दूर तक घसीटती चली गई। इस दौरान ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रेन को लगभग 45 मिनट तक ट्रैक पर रोक दिया गया।
राहत और बचाव कार्य
घटना के तुरंत बाद स्थानीय रेलवे अधिकारियों और कटिहार से दुर्घटना राहत चिकित्सा यान ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। तीन गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। वहीं, रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा में चूक का सवाल
इस हादसे ने रेलवे सुरक्षा और कोऑर्डिनेशन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैसे ट्रॉली को उसी ट्रैक पर अनुमति दी गई, जिस पर अवध असम एक्सप्रेस तेज गति से आ रही थी। रेलवे प्रशासन इस मामले की तहकीकात कर रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




