पटना साहिब गुरुद्वारा को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- 'लंगर हॉल में 4 RDX'

पटना के तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में लिखा था कि लंगर हॉल में 4 RDX रखे हैं और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लिखे गए थे। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरी तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। इससे पहले पटना सिविल कोर्ट को भी धमकी मिली थी, जिसमें तमिलनाडु कनेक्शन सामने आया था।

पटना साहिब गुरुद्वारा को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- 'लंगर हॉल में 4 RDX'
Patna Sahib Gurdwara

बिहार की राजधानी पटना से सनसनीखेज खबर सामने आई है। ऐतिहासिक तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरे मेल में साफ लिखा गया था कि गुरुद्वारे के लंगर हॉल में 4 RDX रखे गए हैं। यही नहीं, ईमेल में "पाकिस्तान जिंदाबाद" और "ISI जिंदाबाद" जैसे नारे भी लिखे गए थे। इस धमकी से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

ईमेल में क्या लिखा था?
गुरुद्वारे की आधिकारिक मेल आईडी पर आए इस धमकी भरे संदेश में VIP और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकलने की चेतावनी दी गई थी। घटना की जानकारी तुरंत SSP पटना कार्तिकेय शर्मा को दी गई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
खबर मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। गुरुद्वारे के हर हिस्से की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह ईमेल किसने और कहां से भेजा था।

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष जगजीत सिंह का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व का काम हो सकता है। मेल फर्जी लग रहा है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

पहले सिविल कोर्ट को भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले भी पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उस ईमेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर और जज के रूम में RDX IED लगाए गए हैं। धमकी दी गई थी कि जज को शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक बाहर निकाल लिया जाए।

इसके बाद कोर्ट कैंपस को खाली कराया गया और जज-मजिस्ट्रेट बाहर निकल गए। जांच में सामने आया कि यह मेल तमिलनाडु कनेक्शन से जुड़ा था, जिसे द्रविड़ियन मॉडल क्लब के नाम से भेजा गया था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
लगातार धमकी भरे मेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पटना साहिब गुरुद्वारा और कोर्ट परिसर दोनों जगह सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस साइबर सेल ईमेल की लोकेशन और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।