बिहार चुनाव 2025: पहले चरण की वोटिंग में दिखा उत्साह, तेजस्वी बोले- 14 नवंबर को बनेगी नई सरकार, लालू परिवार ने दिया ‘बदलाव’ का संदेश
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार को शुरू हुई। कुल 121 सीटों पर मतदान जारी है। राबड़ी देवी ने महिलाओं से वोट देने की अपील की, जबकि तेजस्वी यादव ने कहा कि 14 नवंबर को नई सरकार बनेगी। रोहिणी आचार्य ने चुनाव को ‘धर्मयुद्ध’ बताया और नितिन नबीन ने जनता से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। पहले चरण का परिणाम बिहार की राजनीति की दिशा तय करेगा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार सुबह से शुरू हो गई है। इस फेज में राज्य की कुल 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ दिख रही है और सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। यह चुनाव सिर्फ सत्ता की जंग नहीं, बल्कि ‘बदलाव’ बनाम ‘विकास’ की लड़ाई में तब्दील हो चुका है।
राबड़ी देवी ने की अपील — 'महिलाएं और बच्चे निकलें वोट डालने'
राजद की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना में मतदान के दौरान कहा कि बिहार की महिलाएं और युवा इस बार बड़ी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, मैं महिलाओं, बच्चों, सभी से अपील करती हूं कि वे अपने घरों से निकलें और वोट डालें। इस बार बदलाव होगा, जनता बदलाव लाएगी।
तेजस्वी यादव बोले — '14 नवंबर को बनेगी नई सरकार'
वोट डालने के बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता अब बेरोजगारी, महंगाई और पलायन से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा, 14 नवंबर को राज्य में नई सरकार बनेगी। बदलाव दीजिए, नया बिहार बनाइए, नई सरकार बनाइए।
रोहिणी आचार्य का संदेश — 'ये चुनाव धर्मयुद्ध है'
लालू यादव की बेटी और आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर लिखा, ये चुनाव धर्मयुद्ध है… जनता नीतीश सरकार के खिलाफ लड़ रही है, विजय सत्य की होगी।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव उन मजदूरों और युवाओं की आवाज़ है जो गांवों से रोज़गार की तलाश में दर-दर भटकते हैं।
तेज प्रताप यादव के महुआ से निर्दलीय चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा, मेरा आशीर्वाद उनके साथ है। क्या आप अपने भाई-बहनों को आशीर्वाद नहीं देते? — इस बयान से लालू परिवार में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई है।
नितिन नबीन बोले — 'पहले मतदान, फिर जलपान'
बीजेपी उम्मीदवार और पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी नितिन नबीन ने भी वोट डालने के बाद कहा, लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। पहले मतदान, फिर जलपान — यही हमारा संदेश है। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास और सुशासन की सरकार को जनता दोबारा मौका देगी।


आँखें न्यूज़ 24 




