बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 27.65% वोटिंग, RJD ने लगाया ‘स्लो वोटिंग’ और ‘बिजली कटौती’ का आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 27.65% मतदान दर्ज हुआ। बेगूसराय, गोपालगंज और लखीसराय में सबसे अधिक वोटिंग, जबकि पटना में सबसे कम। RJD ने एनडीए पर भीतरघात और बिजली कटौती से स्लो वोटिंग कराने का आरोप लगाया।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में सुबह 11:00 बजे तक औसतन 27.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है, हालांकि कुछ जिलों में मतदाताओं की रफ्तार धीमी दिखाई दी।
सबसे अधिक वोटिंग बेगूसराय (30.37%), गोपालगंज (30.04%), और लखीसराय (30.32%) में हुई है, जबकि पटना (23.71%) में मतदान का प्रतिशत सबसे कम रहा। अन्य जिलों में भोजपुर (26.76%), बक्सर (28.02%), दरभंगा (26.07%), खगड़िया (28.96%), मधेपुरा (28.46%), मुंगेर (26.68%), मुजफ्फरपुर (29.66%), नालंदा (26.86%), सहरसा (29.68%), समस्तीपुर (27.92%), सारण (28.52%), शेखपुरा (26.04%), सीवान (27.09%) और वैशाली (28.67%) में भी वोटिंग हुई।
RJD ने एनडीए पर लगाया अंदरूनी कलह और धांधली का आरोप
पहले चरण के मतदान के बीच राजनीतिक माहौल भी गरम हो गया है। राजद (RJD) ने एनडीए गठबंधन पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा, जदयू और लोजपा के बीच अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है।
RJD ने X पर लिखा — रुझान आने शुरू... अंदर के मतभेद का अंडरकरंट अब सामने है। JDU वाले BJP और LJP को वोट नहीं दे रहे हैं, और BJP-LJP वाले JDU को वोट नहीं डाल रहे हैं। अपनी महत्वाकांक्षा और भीतरघात में ये लोग बिहार का वोट बर्बाद कर रहे हैं।
महागठबंधन के बूथों पर बिजली कटौती का आरोप
RJD ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महागठबंधन के मज़बूत इलाकों में जानबूझकर बिजली काटी जा रही है, ताकि मतदान की गति धीमी हो सके। पार्टी ने कहा कि कई इलाकों में स्लो वोटिंग कराई जा रही है ताकि मतदाता हतोत्साहित हों। राजद ने चुनाव आयोग से इस पर तुरंत संज्ञान लेने और कार्रवाई करने की मांग की है।
चुनाव आयोग की निगरानी और तकनीकी व्यवस्था
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी दिल्ली स्थित निगरानी केंद्र से मतदान प्रक्रिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
इस बार आयोग ने पहली बार 100% मतदान केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए हैं, जिससे हर गतिविधि पर सीधी निगरानी संभव हो सकी है।
अपने मतदान केंद्र की जानकारी ऐसे प्राप्त करें
चुनाव आयोग ने मतदाताओं के लिए केंद्र खोजने की प्रक्रिया आसान कर दी है।
मतदाता www.nvsp.in पर जाकर ‘Know Your’ विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद EPIC नंबर (मतदाता पहचान पत्र का क्रमांक) दर्ज कर ‘सर्च’ पर क्लिक करें। वेबसाइट पर तुरंत मतदान केंद्र का नाम, पता, बीएलओ (BLO) का नाम और संपर्क विवरण दिख जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




