प्रशांत किशोर बोले — बिहार के लड़के अब पंजाब नहीं, गुजरात में करते हैं मजदूरी
प्रशांत किशोर ने कहा — लालू यादव के दौर में मिला सम्मान, नीतीश ने दी बिजली, अब शिक्षा सुधार की बारी। केजरीवाल से तुलना पर बोले — आंदोलन नहीं, सुधार से बनता है समाज।
राजधानी पटना में हुए ‘सत्ता सम्मेलन बिहार’ में तमाम सियासी दिग्गजों ने अपनी बात रखी। इस दौरान रणनीतिकार से नेता बने और अब जन सुराज पार्टी चला रहे प्रशांत किशोर ने बिहार के विकास के मुद्दों पर तीखी टिप्पणी की।
प्रशांत किशोर ने कहा कि आज भी बिहार के लड़कों को मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। फर्क बस इतना है कि पहले वो पंजाब जाते थे, अब गुजरात जाते हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के दौर में बिहार के गरीब तबकों को सामाजिक सम्मान और पहचान मिली। बाद में नीतीश कुमार के दौर में घर-घर बिजली पहुंची। लेकिन अब शिक्षा और रोजगार के मोर्चे पर बड़े बदलाव की ज़रूरत है।
शिक्षा पर बोले PK: सम्राट चौधरी को समझ नहीं
जन सुराज नेता ने कहा कि बिहार के शिक्षा हालात बेहद खराब हैं और इस पर भाजपा के नेता सम्राट चौधरी को बोलने का अधिकार नहीं क्योंकि उन्हें इस विषय की समझ नहीं है।
उन्होंने दिल्ली के स्कूल सुधार की तारीफ करते हुए कहा — अरविंद केजरीवाल ने चाहे कुछ गलतियां की हों, लेकिन शिक्षा में उन्होंने दिल्ली का स्तर बिहार से सौ गुना बेहतर कर दिया। यही वजह है कि लोगों ने उन्हें लगातार 10 साल तक सत्ता में मौका दिया। अगर शिक्षा और मोहल्ला क्लीनिक को लेकर गलती होती तो लोग उन्हें बाहर कर देते।
‘मैं केजरीवाल नहीं हूं’ — PK ने खुद की तुलना को किया खारिज
जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या वे बिहार के अरविंद केजरीवाल हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि दोनों बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने कहा, केजरीवाल गेस पेपर पढ़ने वाले नेता हैं और हम फंडामेंटल पढ़ने वाले लोग हैं। आम आदमी पार्टी और जन सुराज पार्टी का रास्ता बिल्कुल अलग है। मैं आंदोलनों में विश्वास नहीं करता।
उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास में फ्रेंच क्रांति को छोड़ दें तो किसी भी आंदोलन से समाज का निर्माण नहीं हुआ। आंदोलन केवल सत्ता परिवर्तन का रास्ता है, समाज निर्माण का नहीं।
बीजेपी अब भी ‘किंगमेकर’ — सम्राट चौधरी
सम्मेलन की शुरुआत बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संबोधन से हुई। उन्होंने बीजेपी की भूमिका पर कहा कि बिहार में बीजेपी पहले भी ‘किंगमेकर’ थी और आज भी वही भूमिका निभा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




