सीएम कुर्सी का ऑफर... फिर भी क्यों बीजेपी से दूर हैं मुकेश सहनी?
पटना में टीवी9 डिजिटल बिहार बैठक के कार्यक्रम में VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने खुलासा किया कि बीजेपी उन्हें अब भी मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर देती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महागठबंधन का हिस्सा है और वे डिप्टी सीएम बनने की इच्छा रखते हैं। सहनी ने सीट शेयरिंग, निषाद वोट बैंक और नीतीश कुमार की सरकार पर तीखे हमले किए। पढ़ें, मुकेश सहनी का पूरा बयान और बिहार चुनाव 2025 की सियासत पर इसका असर।
पटना में आयोजित टीवी9 डिजिटल बिहार बैठक कार्यक्रम में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी पार्टी महागठबंधन का हिस्सा है, लेकिन बीजेपी की तरफ से उन्हें आज भी भविष्य में मुख्यमंत्री बनाने के ऑफर मिलते रहते हैं।
'मल्लाह का बेटा सिर्फ मछली नहीं मारता, विधायक और मंत्री भी बनाता है'
मुकेश सहनी ने अपने संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार की राजनीति में साबित कर दिया कि मल्लाह का बेटा सिर्फ मछली पकड़ने वाला नहीं, बल्कि विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री भी बना सकता है।
उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उनके चार विधायकों को तोड़ा गया। सहनी ने कहा – बीजेपी को मुझसे तकलीफ नहीं है, लेकिन डर ये है कि अगर निषाद समाज जाग गया तो वो अपना हक मांगने लगेगा।
डिप्टी सीएम बनने की ख्वाहिश
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के सामने अपनी डिप्टी सीएम बनने की इच्छा जाहिर की है, तो सहनी ने कहा कि महागठबंधन छह दलों का गठबंधन है और हर दल की अहमियत है। उन्होंने स्पष्ट किया – तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, इसमें कोई शक नहीं। लेकिन सरकार में हमारी भी बड़ी भूमिका होगी और डिप्टी सीएम की कुर्सी पर एक मल्लाह का बेटा जरूर बैठेगा।
सीट शेयरिंग पर रणनीति
सीट बंटवारे के सवाल पर सहनी ने कहा कि उनकी पार्टी अच्छी संख्या में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि उपचुनावों में VIP को अकेले 14-15% वोट मिले हैं। सहनी ने दावा किया – सन ऑफ मल्लाह जहां खड़ा होता है, वहां से सरकार बनने की गारंटी होती है। इसीलिए हमें बार्गेनिंग की जरूरत नहीं है।
नीतीश कुमार पर सीधा हमला
VIP प्रमुख ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 20 साल से सत्ता में रहने के बावजूद नीतीश अब अस्वस्थ हो चुके हैं और बिहार की स्थिति बिगड़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ गया है और लॉ एंड ऑर्डर की हालत बदतर हो गई है।
'तेजस्वी ही हमारे नेता, लेकिन सपना है कि मल्लाह का बेटा बने सीएम'
कार्यक्रम में सहनी से पूछा गया कि क्या वो महागठबंधन में मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखते हैं। इस पर उन्होंने कहा – हमने मान लिया है कि इस बार सीएम तेजस्वी यादव ही होंगे। लेकिन सपना मैंने जरूर देखा है कि आने वाले समय में निषाद समाज का बेटा भी बिहार का मुख्यमंत्री बने।
बीजेपी से नाराजगी का इज़हार
बीजेपी से नाराजगी के सवाल पर सहनी ने कहा कि बीजेपी पर उनका भरोसा नहीं है। उन्होंने विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कहा – सबसे बड़ा गुनाह वही करता है जो विधायक खरीदता है। बीजेपी पहले वोट खरीदती थी और अब विधायक खरीद रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




