छठ पर्व पर राहुल गांधी बोले भोजपुरी में – 'हमार बिहार के भाई-बहिन, रउरा के छठ के हार्दिक बधाई', वीडियो वायरल

राहुल गांधी ने छठ पर्व पर भोजपुरी में कहा – “हमार बिहार के भाई-बहिन, रउरा के छठ के हार्दिक बधाई।” बिहार चुनाव से पहले वीडियो वायरल।

छठ पर्व पर राहुल गांधी बोले भोजपुरी में – 'हमार बिहार के भाई-बहिन, रउरा के छठ के हार्दिक बधाई', वीडियो वायरल
Rahul Gandhi

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का एक नया वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। वीडियो में राहुल गांधी बिहार के युवाओं से बातचीत करते नजर आ रहे हैं और शुरुआत में वे बड़े अपनापन भरे अंदाज़ में कहते हैं –
“हमार बिहार के भाई-बहिन, रउरा के छठ के हार्दिक बधाई। रउरा सबके मिलके, बिहार के अस्मिता के वापस लावे बा। बिहार के देश के नंबर वन पहुंचावे के बा।”

उनका यह भोजपुरी में बोला गया संदेश लोगों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। बिहार के लोगों ने इसे “दिल से जुड़ा संदेश” बताया है, वहीं कांग्रेस समर्थकों का कहना है कि राहुल गांधी ने इस वीडियो के जरिए बिहार की संस्कृति को सम्मान दिया है।

बिहार के युवाओं से संवाद: “छठ जात-पात से ऊपर है”
वीडियो में राहुल गांधी बिहार के युवाओं से यह सवाल करते हैं – बिहार में छठ इतना पावरफुल क्यों है?

इस पर एक युवक जवाब देता है कि छठ वो पर्व है जो सामाजिक और धार्मिक सीमाओं से परे है। “छठ में न कोई जाति देखी जाती है, न धर्म, न समुदाय। सब लोग एक घाट पर मिलकर सूर्य भगवान की पूजा करते हैं।”

युवक आगे कहता है कि “छठ में हम प्रकृति की पूजा करते हैं। यह त्योहार सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों से लोग गांव लौटते हैं, जिससे यह पर्व प्रवासी बिहारी समाज के लिए ‘रूट्स से री-कनेक्ट’ करने का अवसर बन जाता है।”

'कल्चर से जुड़ी चीज़ ही दिल से जुड़ती है'
बातचीत में एक और युवा कहता है कि “जब कोई चीज़ संस्कृति से जुड़ती है, तो उससे लोग ज्यादा गहराई से कनेक्ट करते हैं। बिहार में छठ अब सिर्फ हिंदू नहीं बल्कि अन्य समुदायों के लोग भी मनाने लगे हैं। यह त्योहार लोगों को निराशा में भी विश्वास और उम्मीद का एहसास कराता है।”

युवक आगे जोड़ता है – “अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि इस विश्वास को और मजबूत बनाया जाए।”

चुनावी माहौल में राहुल का ‘भोजपुरी टच’
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी का यह वीडियो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि राहुल गांधी का यह कदम बिहार के युवाओं और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ने की रणनीति का हिस्सा है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी जल्द ही बिहार दौरे पर जा सकते हैं, जहां वे रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर युवाओं से संवाद करेंगे।