क्या 'साइकिल' पर सवार होंगे तेज प्रताप यादव? सपा कार्यालय पहुंचने से बिहार की सियासत गरमाई
राजद से निष्कासित तेज प्रताप यादव ने सपा कार्यालय पहुंचकर राजनीतिक हलचल मचा दी। क्या वे समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे? जानें पूरी कहानी।
बिहार की राजनीति में इस वक्त एक ही सवाल गूंज रहा है — क्या राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब समाजवादी पार्टी की 'साइकिल' पर सवार होंगे?
राजद से निष्काषित हो चुके तेज प्रताप बुधवार को अचानक पुनाइचक स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के बिहार प्रदेश कार्यालय पहुंच गए, जिससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई।
बंद कमरे में एक घंटे तक चली मीटिंग
तेज प्रताप यादव ने सपा कार्यालय में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों से करीब एक घंटे तक बंद कमरे में अहम बातचीत की। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर रणनीतिक चर्चा हुई।
सपा के बिहार प्रभारी धर्मवीर यादव ने बताया कि हमने तेज प्रताप जी से INDIA गठबंधन को मजबूत करने पर बातचीत की है। बाकी बातें अभी सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। समय आने पर सब साफ हो जाएगा।
अखिलेश यादव से पहले ही हो चुकी है बातचीत
बताया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव ने सपा कार्यालय जाने से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर लंबी बातचीत की थी।
अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का खुला निमंत्रण भी दिया था। अब जबकि तेज प्रताप पार्टी कार्यालय पहुंचे हैं, सपा में उनकी एंट्री की अटकलें और तेज हो गई हैं।
राजनीतिक संकेत और संभावित समीकरण
तेज प्रताप यादव का यह कदम ऐसे समय पर आया है जब वे राजद और परिवार, दोनों से दूरी बनाए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से राजद और परिवार के सदस्यों को अनफॉलो कर दिया था। उन्होंने खुद कहा था, मेरी कार पर अब 'टीम तेज प्रताप' का झंडा है। मैं महुआ से चुनाव लड़ने की तैयारी में हूं।
इन बयानों और गतिविधियों के बाद यह कयास जोर पकड़ चुका है कि तेज प्रताप यादव अपनी अगली राजनीतिक पारी सपा के साथ शुरू कर सकते हैं।
तीसरे मोर्चे की जमीन या INDIA गठबंधन का विस्तार?
तेज प्रताप यादव का यह कदम न सिर्फ व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा को दर्शाता है, बल्कि बिहार में तीसरे मोर्चे या INDIA गठबंधन के अंदर समीकरणों के बदलाव का भी संकेत हो सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप यादव सपा में शामिल होते हैं या कोई नया राजनीतिक मंच खड़ा करते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




